MP News: मिशन 2028 की तैयारी, नए साल में बदलेंगे मंत्रियों के प्रभार वाले जिले, दूरी बनी बड़ी वजह

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार नए साल में मंत्रियों के प्रभार वाले जिलों की जिम्मेदारियों में बड़ा बदलाव कर सकती है। मंत्रियों के गृह जिलों और प्रभार वाले जिलों के बीच लंबी दूरी होने के कारण प्रशासनिक और संगठनात्मक कार्यों में आ रही परेशानियों को देखते हुए यह कवायद शुरू हुई है।

दरअसल, अगस्त 2024 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रियों को जिलों का प्रभार सौंपा था। लेकिन कई मंत्रियों ने दूरी अधिक होने के कारण अपने प्रभार वाले जिलों में नियमित दौरे नहीं कर पाने की समस्या उठाई है। इसी को देखते हुए अब जिलों के प्रभार का युक्तियुक्तकरण करने पर विचार किया जा रहा है।

नागर सिंह चौहान और कैलाश विजयवर्गीय को सबसे ज्यादा परेशानी

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके और नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के प्रभार वाले जिलों की दूरी उनके गृह जिलों से 700 किलोमीटर से भी अधिक है। ऐसे में इन मंत्रियों के लिए नियमित रूप से जिलों में पहुंचना चुनौती बना हुआ है।

हेमंत खंडेलवाल ने दिए बदलाव के संकेत

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मंत्रियों के प्रभार वाले जिलों में बदलाव को लेकर कहा है कि जिन मंत्रियों के प्रभार वाले जिले काफी दूर हैं, उन्हें प्रवास करने में व्यावहारिक दिक्कतें आ रही हैं। ऐसे में जिलों के प्रभार का युक्तियुक्तकरण करने का प्रस्ताव है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल तत्काल कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा। पार्टी के अभियान और संगठनात्मक गतिविधियों को देखते हुए दायित्वों में बदलाव का काम अगले साल किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री पहले अधिकारियों और फिर मंत्रियों से करेंगे चर्चा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 2 दिसंबर को विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिवों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद 22 और 23 दिसंबर को चित्रकूट में मंत्रियों के साथ चिंतन बैठक प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि इन बैठकों में प्रशासनिक व्यवस्था और जिलों के प्रभार से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है।

कई मंत्रियों के प्रभार वाले जिले सैकड़ों किलोमीटर दूर

जिलों के प्रभार की दूरी पर नजर डालें तो उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा को मंदसौर से करीब 690 किलोमीटर दूर जबलपुर का प्रभार मिला है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर को ग्वालियर से लगभग 675 किलोमीटर दूर पांढुरना की जिम्मेदारी दी गई है।

इसी तरह मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल को रीवा और भिंड, तुलसीराम सिलावट को ग्वालियर, करण सिंह वर्मा को मुरैना और सिवनी तथा अन्य मंत्रियों को भी अपने गृह जिलों से काफी दूर स्थित जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

2028 के चुनाव से पहले प्रशासनिक और राजनीतिक जमावट की तैयारी

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, वर्ष 2028 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए सरकार और संगठन अपनी व्यवस्थाओं को मजबूत करने में जुटे हैं। मंत्रियों की जिलों में सक्रियता बढ़ाने और संगठनात्मक समन्वय बेहतर बनाने के उद्देश्य से प्रभार वाले जिलों में फेरबदल किया जा सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post