दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। फर्जी जीएसटी बिलिंग और एकाउंटिंग डेटा में कूटरचना कर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का बड़ा मामला सामने आया है। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की जबलपुर इकाई ने जांच के बाद एकाउंटेंट सहित कई आरोपियों के खिलाफ कुल 8 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए हैं। आरोप है कि आरोपियों ने फर्जी टर्नओवर और इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के जरिए आवेदकों को 18 करोड़ 68 लाख 30 हजार 286 रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाई।
ईओडब्ल्यू के अनुसार, यह पूरा मामला मार्च 2022 से दिसंबर 2025 के बीच का है। शिकायतकर्ता दीपांशू दीक्षित, प्रोपराइटर महादेव फार्मा, शास्त्री ब्रिज जबलपुर एवं अन्य आवेदकों की शिकायत पर जांच शुरू की गई थी। ईओडब्ल्यू के उप पुलिस अधीक्षक स्वर्णजीत सिंह धामी ने मामले की जांच की। स्टेट टैक्स (जीएसटी) विभाग से प्राप्त प्रतिवेदन के परीक्षण में बड़े स्तर पर वित्तीय अनियमितताएं सामने आईं।
जांच में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनमें मेसर्स यूनिक ट्रेड एंड कंपनी के प्रोपराइटर आशीष कोटवानी, निखिल एंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर निखिल कोटवानी, मधुश्री मेटल के प्रोपराइटर अशोक कोटवानी, महाकाल मेटल की प्रोपराइटर जसमीत कोटवानी और एकाउंटेंट योगेश साहू सहित अन्य लोग शामिल हैं।
ईओडब्ल्यू की जांच के मुताबिक, आरोपियों ने पहले आवेदकों का विश्वास हासिल किया। इसके बाद कंप्यूटर पर स्क्रीन-शेयरिंग सॉफ्टवेयर के माध्यम से MARG एकाउंटिंग सॉफ्टवेयर का डेटा कथित तौर पर अनधिकृत रूप से अपने सिस्टम में प्राप्त कर लिया। जीएसटी रिटर्न दाखिल करने के नाम पर आवेदकों के मोबाइल नंबरों पर आने वाले ओटीपी भी हासिल किए गए।
आरोप है कि इसके बाद आपराधिक षड्यंत्र के तहत बिना किसी वास्तविक माल की खरीदी-बिक्री और व्यावसायिक लेनदेन के फर्मों के बिलों एवं इलेक्ट्रॉनिक डेटा में हेरफेर किया गया। फर्जी टर्नओवर और इनपुट टैक्स क्रेडिट के आंकड़ों में बदलाव कर उन्हें आरोपियों और उनके परिजनों के स्वामित्व वाली फर्मों में कथित तौर पर हस्तांतरित किया गया। इस तरह अवैध आर्थिक लाभ अर्जित कर शिकायतकर्ताओं को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाया गया।
जांच पूरी होने के बाद आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ की जबलपुर इकाई ने 27 नवंबर 2026 को अपराध क्रमांक 119 से 126/2026 तक कुल आठ प्रकरण दर्ज किए हैं। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 316(2), 318(4), 336(3), 338, 340(2) और 61(2) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
Tags
jabalpur
