दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग की कार्रवाई के दौरान मानवाधिकारों और विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शनिवार को आरटीओ अधिकारी रिंकू शर्मा के नेतृत्व में चलाए गए जांच अभियान में परमिट, इंश्योरेंस सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। दस्तावेज अधूरे पाए जाने पर कुछ ई-रिक्शा जब्त किए गए। लेकिन आरोप है कि जुर्माना जमा नहीं कर पाने वाले कुछ चालकों को आरटीओ कार्यालय के अंदर ताला लगाकर बंद कर दिया गया।
घंटों भूखे-प्यासे बंद रहे चालक
आरोपों के मुताबिक, कार्यालय में बंद किए गए चालकों को घंटों तक इंतजार करना पड़ा। इस दौरान चालकों ने बाहर जाने और अपनी परेशानी बताने की कोशिश की, लेकिन उन्हें कथित तौर पर बताया गया कि मैडम और वरिष्ठ अधिकारी लंच पर गए हैं। उनके लौटने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस कारण चालक अधिकारियों के वापस आने का इंतजार करते रहे।
वाहन जब्त करने का अधिकार, लेकिन व्यक्ति को बंद करने का अधिकार किसने दिया?
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि दस्तावेजों की कमी पर चालान काटना और नियमानुसार वाहन जब्त करना परिवहन विभाग की कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा हो सकता है, लेकिन जुर्माना नहीं भर पाने पर किसी व्यक्ति को कार्यालय में ताला लगाकर बंद रखना किस कानून के तहत उचित है?
क्या परिवहन विभाग के पास ऐसी कार्रवाई का कोई कानूनी प्रावधान है? यदि नहीं, तो कथित तौर पर चालकों को घंटों बंद रखने की जिम्मेदारी किसकी होगी?
रोजी-रोटी पर भी पड़ा असर
ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले चालकों के लिए काम के कुछ घंटे भी बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे में कार्रवाई के नाम पर उन्हें घंटों कार्यालय में रोके रखने के आरोप ने मानवीय संवेदनाओं और नागरिक अधिकारों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब देखना होगा कि परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी इस मामले को संज्ञान में लेकर निष्पक्ष जांच कराते हैं या नहीं। साथ ही यह भी स्पष्ट होना जरूरी है कि ई-रिक्शा चालकों को कथित तौर पर बंद रखने का आदेश किसने दिया और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई की जाएगी।
Tags
jabalpur
