दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मुरैना। पुरानी रंजिश के चलते शादी समारोह से लौट रहे 35 वर्षीय कृष्णा गुर्जर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना 23 नवंबर की रात अंबाह बायपास स्थित हरि विलास पैलेस के पास हुई। पुलिस ने मामले में 9 नामजद और 3 अज्ञात आरोपियों सहित कुल 12 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, होला पुरा निवासी कृष्णा गुर्जर सोमवार रात अपने साथियों के साथ शादी समारोह में शामिल होने गया था। समारोह से लौटते समय वह अपने साथियों से कुछ आगे निकल गया। इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे बाइक सवार तीन हमलावरों ने उस पर फायरिंग कर दी। हमलावरों ने कृष्णा को पांच गोलियां मारीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए।
हत्या के 15 मिनट बाद सोशल मीडिया पर लगाया 'THE END' स्टेटस
इस वारदात के बाद मुख्य आरोपी भानु गुर्जर का सोशल मीडिया स्टेटस भी चर्चा में है। पुलिस के अनुसार, घटना के करीब 15 मिनट बाद रात 10:37 बजे भानु ने एक फोटो स्टेटस लगाया, जिसमें उसने श्यामवीर को टैग करते हुए 'THE END' लिखा था। स्टेटस में अभिनेता राजकुमार का एक डायलॉग भी बैकग्राउंड में लगाया गया था।
पुलिस और ग्रामीणों पर फायरिंग के मामलों में भी आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मुख्य आरोपी भानु गुर्जर और श्यामवीर का आपराधिक इतिहास रहा है। दोनों पर पहले भी कई गंभीर वारदातों में शामिल होने के आरोप हैं। 2 दिसंबर 2025 को जनकपुर में पुलिस टीम पर हुए हमले में सिपाही अनिल तोमर को गोली लगी थी। इसके अलावा 21 अक्टूबर 2025 को ग्रामीणों पर फायरिंग और 19 अक्टूबर 2023 को गोपालपुरा में भूरा गुर्जर को गोली मारने के मामले में भी दोनों के नाम सामने आए थे।
मृतक के खिलाफ भी दर्ज थे आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, मृतक कृष्णा गुर्जर के खिलाफ भी विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास और मारपीट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज थे। 7 मई 2024 को लोकसभा चुनाव के दौरान एक कांग्रेस नेता के साथ विवाद को लेकर भी उसका नाम सामने आया था।
9 नामजद सहित 12 आरोपियों पर मामला दर्ज
पुलिस ने इस हत्याकांड में भानु गुर्जर, श्यामवीर गुर्जर, धीरज गुर्जर, जोगेंद्र गुर्जर, बंटी गुर्जर, कृष्णपाल उर्फ केपी कंसाना, श्यामवीर गुर्जर, बलबीर उर्फ बल्लो गुर्जर और कल्ला गुर्जर को नामजद किया है। इनके अलावा तीन अज्ञात आरोपियों की पहचान की जा रही है।
पुरानी रंजिश को बताया हत्या की वजह
मुरैना सीएसपी कवींद्र सिंह चौहान ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। इसी रंजिश के चलते कृष्णा गुर्जर की हत्या की गई। पुलिस ने 9 नामजद और 3 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
