दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) सतना। जिले के सभापुर थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। बिरसिंहपुर-कोटर मार्ग पर डोमहाई गांव के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार बाइक सवारों को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए बिजली के खंभे से टकरा गई।
शादी समारोह से लौट रहे थे तीनों युवक
जानकारी के अनुसार, लौलाच निवासी सत्यनारायण साकेत (24) सोमवार को बिरसिंहपुर स्थित अपनी ससुराल में शादी समारोह में शामिल होने गया था। देर रात वह अपने जीजा हरिलाल, निवासी पगार, और साथी रणधीर सिंह, निवासी नई बस्ती कोलगवां, के साथ बाइक से लौट रहा था।
इसी दौरान डोमहाई गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार बिजली के खंभे से जा टकराई। कार में सवार लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
दो की मौके पर मौत, तीसरे ने रास्ते में दम तोड़ा
हादसे में हरिलाल और रणधीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सत्यनारायण गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे बिरसिंहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
सतना में काम करते थे तीनों युवक
तीनों युवक सतना में काम करते थे और शादी समारोह से लौट रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कार में सवार लोगों की तलाश की जा रही है।
Tags
madhya pradesh
