MP News: पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा 9 दिसंबर से, 7,500 पदों के लिए 7.5 लाख आवेदन; हर पद पर औसतन 100 अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला, प्रवेश पत्र जल्द होंगे जारी

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्य प्रदेश में पुलिस आरक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं का इंतजार खत्म हो गया है। कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) ने आरक्षक (जीडी) सीधी भर्ती परीक्षा-2026 की नई तारीख घोषित कर दी है। परीक्षा अब 9 दिसंबर 2026 से शुरू होगी। इसके प्रवेश पत्र जल्द ही मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। पहले यह परीक्षा 19 नवंबर से आयोजित होनी थी, लेकिन पुलिस विभाग की एक अन्य परीक्षा और अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए इसे स्थगित कर दिया गया था।

इस भर्ती अभियान के तहत पुलिस विभाग में कुल 7,500 आरक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इनमें 6,800 पद आरक्षक सामान्य ड्यूटी के हैं, जबकि 700 पद विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) के लिए निर्धारित किए गए हैं। इन पदों के लिए प्रदेशभर से करीब 7.5 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इस हिसाब से प्रत्येक पद के लिए औसतन 100 उम्मीदवारों के बीच प्रतिस्पर्धा होगी।

भर्ती की खास बात यह है कि आरक्षक पद के लिए निर्धारित न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता के बावजूद उच्च शिक्षा प्राप्त युवाओं ने भी बड़ी संख्या में आवेदन किया है। आवेदन करने वालों में पीएचडी धारक, बीई-बीटेक इंजीनियर, पोस्ट ग्रेजुएट और ग्रेजुएट अभ्यर्थी शामिल हैं। इनके अलावा डिप्लोमा, आईटीआई, हायर सेकेंडरी, हाईस्कूल और आठवीं पास युवाओं ने भी भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने के लिए आवेदन किया है।

भर्ती नियमों के मुताबिक चयनित आरक्षकों को उनके गृह जिले में पदस्थापना नहीं दी जाएगी। आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को प्रदेश के 55 जिलों में से अपनी पसंद की यूनिट चुनने का विकल्प दिया गया था। नियुक्ति के बाद संबंधित यूनिट में कम से कम पांच साल तक सेवा करना अनिवार्य होगा। इसके बाद ही स्थानांतरण की पात्रता मिलेगी। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति भोपाल, इंदौर और जबलपुर की शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) में भी की जाएगी।

परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों का आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य रहेगा। परीक्षा यदि एक से अधिक शिफ्ट में आयोजित होती है तो अंकों का नॉर्मलाइजेशन किया जाएगा। इसका उद्देश्य अलग-अलग शिफ्ट के प्रश्नपत्रों के कठिनाई स्तर में अंतर होने पर अभ्यर्थियों के अंकों में संतुलन बनाए रखना है। उदाहरण के तौर पर यदि पहली शिफ्ट का पेपर कठिन रहा और उसमें अभ्यर्थियों के औसत अंक कम आए, जबकि दूसरी शिफ्ट का पेपर अपेक्षाकृत आसान रहा और उसमें ज्यादा अंक आए, तो दोनों शिफ्ट के प्रश्नपत्रों के स्तर को ध्यान में रखते हुए अंकों का समायोजन किया जाएगा।

कर्मचारी चयन मंडल ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे प्रवेश पत्र जारी होने और परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी के लिए नियमित रूप से मंडल की आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें।

Post a Comment

Previous Post Next Post