Jabalpur News: शताब्दीपुरम में घेराबंदी कर दबोचा गया युवक, कमर में खोंसी मिली देशी पिस्टल; स्रोत की पूछताछ जारी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना लार्डगंज पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उससे हथियार के स्रोत को लेकर पूछताछ की जा रही है।

लार्डगंज थाना प्रभारी नवल सिंह आर्य के अनुसार सोमवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि शताब्दीपुरम क्षेत्र में कथई रंग की जैकेट और काली पेंट पहने करीब 20 से 22 वर्ष का एक युवक अपनी पेंट की जेब में पिस्टल रखे हुए है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रूपेश पटेल (उम्र 22 वर्ष), पिता राजेश पटेल, निवासी पंजाब बैंक कॉलोनी, दमोहनाका, पटेल आटा चक्की के पास, थाना कोतवाली बताया। तलाशी के दौरान उसके पहने हुए जींस पेंट की कमर में सामने की ओर एक देशी पिस्टल खोंसी मिली तथा दाहिनी जेब से दो कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्टल और दो कारतूस जब्त कर उसके विरुद्ध धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। आरोपी यह अवैध हथियार और कारतूस कहां से व कैसे लेकर आया था, इस संबंध में पूछताछ जारी है।

इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक विष्णुदत्त पाण्डे तथा आरक्षक शुभम पटेल, पंकज सनोडिया और ऋषभ बर्मन की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post