Jabalpur News: साइबर ठगों का हाईटेक जाल, मोबाइल की स्क्रीन ब्लैकआउट कर उड़ाए 1.90 लाख रुपए, न कॉल आया न मैसेज

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
साइबर अपराधी अब ठगी के ऐसे तरीके अपना रहे हैं, जिनमें न तो किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने की जरूरत पड़ती है और न ही ओटीपी साझा करने की। जबलपुर के मदनमहल क्षेत्र में सैलून संचालक के साथ हुई करीब 1.90 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी ने साइबर सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित आकाश कुमार सेन का दावा है कि उनके मोबाइल में अचानक अपने आप अपडेट होने जैसा प्रोसेस शुरू हुआ। कुछ देर बाद फोन बंद हो गया और दोबारा चालू होने पर उनके दोनों बैंक खातों से कुल 1 लाख 89 हजार 888 रुपए गायब हो चुके थे। खातों में महज 648 रुपए शेष बचे थे। शिकायत के बाद स्टेट साइबर सेल ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मदनमहल क्षेत्र में सैलून संचालित करने वाले आकाश कुमार सेन 22 नवंबर को रोजाना की तरह अपनी दुकान पर काम कर रहे थे। इसी दौरान उनके स्मार्टफोन की स्क्रीन पर अचानक ऑटोमैटिक अपडेट जैसा प्रोसेस दिखाई देने लगा। उन्हें लगा कि मोबाइल में सामान्य सिस्टम अपडेट हो रहा है, इसलिए उन्होंने इस पर विशेष ध्यान नहीं दिया। कुछ ही देर बाद मोबाइल अपने आप स्विच ऑफ हो गया और फिर रीस्टार्ट हुआ। उस समय तक उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि उनके बैंक खातों में सेंध लग चुकी है।

रात करीब 9 बजे आकाश मिठाई खरीदने के लिए दुकान पहुंचे। वहां ऑनलाइन पेमेंट करने के बाद उन्होंने अपने बैंक खातों का बैलेंस चेक किया तो उनके होश उड़ गए। एक बैंक खाते से 91 हजार रुपए और दूसरे खाते से 98 हजार 888 रुपए निकाले जा चुके थे। दोनों खातों से कुल 1 लाख 89 हजार 888 रुपए की रकम गायब थी। खाते में केवल 648 रुपए बचे थे। अचानक हुई इस घटना से आकाश हैरान रह गए। उन्होंने मामले की शिकायत साइबर सेल में दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

इस घटना में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पीड़ित के मुताबिक उनके मोबाइल पर न तो कोई संदिग्ध लिंक आई थी और न ही उन्होंने किसी अनजान लिंक को खोला था। उनके पास किसी अज्ञात व्यक्ति का फोन भी नहीं आया और न ही उन्होंने किसी को ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी साझा की। इसके बावजूद उनके दोनों खातों से बड़ी रकम निकाल ली गई। आमतौर पर साइबर ठगी के मामलों में लोगों को फर्जी कॉल, लिंक या ओटीपी के जरिए निशाना बनाया जाता है, लेकिन इस मामले में ठगी का तरीका अलग नजर आ रहा है।

पुलिस को आशंका है कि इस घटना में मोबाइल के भीतर मौजूद किसी संदिग्ध ऐप, स्पायवेयर या रिमोट एक्सेस से जुड़ी गतिविधि की भूमिका हो सकती है। एएसपी मनीष भारद्वाज के मुताबिक, कुछ मामलों में थर्ड-पार्टी ऐप यूजर की जानकारी के बिना संवेदनशील परमिशन हासिल कर लेते हैं और मोबाइल की गतिविधियों तक पहुंच बना सकते हैं। हालांकि, इस मामले में वास्तव में किस तकनीक का इस्तेमाल हुआ, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस आकाश के मोबाइल की गतिविधियों, उसमें मौजूद ऐप्स और बैंक खातों से हुए ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है। जिन बैंक खातों और वॉलेट में ठगी की रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी जानकारी भी जुटाई जा रही है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देर किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या आधिकारिक वेबसाइट cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। 

Post a Comment

Previous Post Next Post