Jabalpur News: शहपुरा में जाम से मिलेगी राहत, नहर किनारे बनेगा 9 किमी लंबा वैकल्पिक मार्ग; 40 से 50 दिन में सड़क निर्माण पूरा करने का लक्ष्य

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर-भोपाल मार्ग पर शहपुरा में लगने वाले जाम की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। इसके लिए नहर किनारे 9 किलोमीटर लंबा वैकल्पिक मार्ग बनाया जाएगा। यह सड़क ग्राम खैरी के पास एनएच-45 पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज से शुरू होकर नहर किनारे होते हुए जबलपुर-पाटन रोड के घुसौर तक पहुंचेगी। सड़क की चौड़ाई 7.5 मीटर होगी और इसे 40 से 50 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने सोमवार शाम शहपुरा, पाटन रोड और सहजपुर मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ प्रस्तावित वैकल्पिक मार्ग का जायजा लिया और निर्माण में आने वाली तकनीकी एवं प्रशासनिक बाधाओं की जानकारी ली। मंत्री ने संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाकर जल्द निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।

मटर सीजन में किसानों को मिलेगी राहत

शहपुरा और पाटन क्षेत्र कृषि प्रधान हैं। यहां बड़ी संख्या में किसान मटर सहित अन्य फसलों का उत्पादन करते हैं। मटर सीजन के दौरान उपज लेकर मंडियों की ओर जाने वाले वाहनों की संख्या बढ़ने से शहपुरा में अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। वैकल्पिक सड़क बनने से किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा होगी। साथ ही जबलपुर से भोपाल और भोपाल से जबलपुर जाने वाले वाहन चालकों को भी एक अतिरिक्त रास्ता मिल सकेगा। इससे मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है।

शहपुरा आरओबी के लिए नए सिरे से होंगे टेंडर

शहपुरा रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण एमपीआरडीसी के माध्यम से कराया जा रहा है। परियोजना की निविदा प्रक्रिया में सबसे कम बोली लगाने वाले ठेकेदार के साथ आगे की कार्यवाही नहीं हो सकी। इसके चलते अब नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया शुरू करनी होगी।

मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि नई निविदा प्रक्रिया पूरी होने और निर्माण एजेंसी तय होने के बाद ही रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण की समय-सीमा स्पष्ट हो सकेगी। तब तक यातायात की समस्या से राहत देने के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जा रहा है।

गुणवत्ता के साथ तय समय में पूरा होगा निर्माण

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को भूमि संबंधी मामलों, तकनीकी स्वीकृति और निर्माण से जुड़ी अन्य बाधाओं का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाए और निर्धारित 40 से 50 दिनों की समय-सीमा में काम पूरा किया जाए।

वैकल्पिक मार्ग तैयार होने से शहपुरा में जाम की समस्या कम होने के साथ किसानों, स्थानीय नागरिकों और लंबी दूरी के वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Post a Comment

Previous Post Next Post