MP News: उज्जैन गैंगरेप मामले में वारदात में इस्तेमाल कार गुजरात से जब्त, मुख्य आरोपी गिरफ्तार; दूसरा फरार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) उज्जैन। उज्जैन-इंदौर हाईवे पर 26 अक्टूबर की रात इंदौर की 19 वर्षीय युवती के साथ कार में सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। नानाखेड़ा थाना पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल काली कार गुजरात से जब्त कर ली है। मामले के मुख्य आरोपी चकरेश जैन की गिरफ्तारी के बाद पुलिस कार को उज्जैन ले आई है। वहीं, दूसरा आरोपी राजेश पंथी अब भी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने शिकायत में बताया था कि कुछ दिन पहले उसकी इंस्टाग्राम पर चकरेश जैन से बातचीत हुई थी। 26 अक्टूबर को उससे मिलने के लिए वह बस से इंदौर से उज्जैन आई थी। शाम करीब 5:30 बजे मेघदूत होटल के सामने उतरने पर चकरेश उसे काली कार से लेने पहुंचा। युवती के अनुसार, वह कार में बैठ गई और रास्ते में आरोपी ने उसे कॉफी पिलाई। इसके बाद एक अन्य व्यक्ति भी कार में सवार हो गया।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि कार में दोनों आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी चकरेश जैन को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। अदालत ने उसे 5 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर सौंपा है।

पुलिस ने आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई काली कार क्रमांक MP09-CS-6247 को गुजरात से जब्त किया है। अब पुलिस मामले के दूसरे आरोपी राजेश पंथी की तलाश में जुटी है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post