दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के गोरखपुर थाना क्षेत्र में गाली-गलौज करने से रोकना एक परिवार को भारी पड़ गया। सोमवार रात इंदिरा नगर गुप्तेश्वर में तीन युवकों ने एक ही परिवार के चार सदस्यों पर चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में पिता, उनकी बेटी और दो बेटे घायल हो गए। युवती के सीने में चाकू लगने से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने प्राणघातक हमले का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
गाली-गलौज करने से मना किया तो भड़के युवक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार रात कृष राय, मनीष राय और अक्षय रजक घर के बाहर खड़े होकर तेज आवाज में एक-दूसरे के साथ गाली-गलौज कर रहे थे। काफी देर तक शोर-शराबा और गाली-गलौज जारी रहने पर बनारसी लाल गुप्ता घर से बाहर आए। उन्होंने तीनों युवकों को समझाते हुए गाली देने से मना किया और अपने घर जाने की बात कही। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर तीनों युवकों ने बनारसी लाल के साथ मारपीट शुरू कर दी।
बचाने पहुंचे बेटी और बेटों पर भी चाकू से वार
पिता के साथ मारपीट होते देख उनकी बेटी काजल और बेटे मोहित व मनीष बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि तीनों हमलावरों ने उन पर भी चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में बनारसी लाल के पेट में चाकू लगा, जबकि उनकी बेटी काजल के सीने पर वार किया गया। वहीं मोहित के पैर और मनीष के हाथ में चाकू से चोट आई।
बेटी की हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। युवती काजल के सीने में चाकू लगने के कारण उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं पिता बनारसी लाल को भी गंभीर चोटें आई हैं।
तीन आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
गोरखपुर थाना पुलिस ने कृष राय, मनीष राय और अक्षय रजक के खिलाफ प्राणघातक हमले का मामला दर्ज किया है। एएसपी पल्लवी शुक्ला के मुताबिक, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Tags
jabalpur


