Jabalpur News: नट बाबा की गली में बदमाशों ने चार दोस्तों को चाकुओं-तलवार से गोदा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत तमरहाई चौक और नट बाबा की गली के पास दीपावली की रात खूनी संघर्ष सामने आया है। शराब पीने के लिए पैसे न देने पर आरोपियों ने चार युवकों पर तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

कोतवाली थाने में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, हर्षित अग्रवाल (25 वर्ष) निवासी तमरहाई चौक ने शिकायत दर्ज कराई कि 9 नवंबर 2026 की रात करीब 1 बजे वह अपने साथियों मनीष सोनी, अमन सेन और राहुल सोनी के साथ गोपाल सदन से नट बाबा की गली की तरफ जा रहे थे। इस दौरान राहुल सोनी अपने घर के पास खड़ा था, जिससे वे लोग रुककर बातचीत करने लगे।

शिकायतकर्ता के अनुसार, उसी समय वहां पप्पू कंजा उर्फ बालकिशन जैन और आशु उर्फ आलुबंडा शराब पी रहे थे। पप्पू कंजा हर्षित के पास आया और उससे शराब पीने के लिए जबरन पैसे मांगने लगा। जब हर्षित, मनीष और राहुल ने पैसे देने से साफ इनकार किया, तो आरोपी पप्पू कंजा, आशु उर्फ आलुबंडा, मुकेश जैन और उनके एक अन्य साथी ने गालियां देना शुरू कर दिया।

विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से तलवार और अन्य हथियारों से चारों युवकों पर हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में अमन के सिर पर, राहुल के कान और पैर में, मनीष के दोनों हाथों में तथा हर्षित के पैरों में गंभीर चोटें आईं। खून से लथपथ घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 109(1), 115(2), 119(1), 351(3) और 3(5) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और घटना की गंभीरता को देखते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post