दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्यप्रदेश में वर्ष 2028 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के भीतर नेतृत्व और राजनीतिक रणनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने गुना में एक बयान देते हुए कहा कि 2028 का विधानसभा चुनाव उमंग सिंघार और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में नई बहस छिड़ गई है।
दरअसल, दिग्विजय सिंह इन दिनों उज्जैन से अयोध्या तक सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा निकाल रहे हैं। मंगलवार को यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत से पहले वे गुना में एक निजी कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि कमलनाथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और मध्यप्रदेश में उनका अपना प्रभाव एवं वर्चस्व है। वहीं, वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव के नेतृत्व को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने स्पष्ट रूप से जीतू पटवारी और उमंग सिंघार का नाम लिया।
दिग्विजय सिंह के बयान के अगले ही दिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी राघौगढ़ पहुंचे और उनकी यात्रा में शामिल हुए। यहां आयोजित आमसभा में पटवारी ने कहा कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव सामूहिक नेतृत्व में लड़ेगी और प्रदेश में 500 प्रतिशत कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी अध्यक्ष होने के नाते उनका मानना है कि चुनाव सामूहिक नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।
पटवारी बोले- मैं भी दिग्विजय सिंह का बेटा हूं
राघौगढ़ में आयोजित आमसभा के दौरान जीतू पटवारी ने दिग्विजय सिंह के प्रति सम्मान जताते हुए कहा कि मैं भी इनका बेटा हूं। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से कहते आ रहे हैं कि राजनीतिक विरासत उनकी है, जबकि पैसा जयवर्धन सिंह का है। पटवारी ने दिग्विजय सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने उनसे लोक व्यवहार और मर्यादाओं के साथ राजनीति करना सीखा है। दिग्विजय सिंह जैसा अच्छा और सात्विक इंसान उन्होंने आज तक नहीं देखा। उन्होंने कहा कि यदि उनके भीतर गेहूं बराबर भी कोई गुण है तो वह दिग्विजय सिंह की देन है।
Tags
madhya pradesh
