MP News: अमूल दूध 4 रुपए प्रति लीटर तक महंगा, नई कीमतें लागू; प्रदेश में रोजाना साढ़े 4 लाख लीटर से अधिक होती है अमूल दूध की बिक्री

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल/ जबलपुर। मध्य प्रदेश में अमूल दूध उपभोक्ताओं को अब अपनी जेब थोड़ी ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी। कंपनी ने दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 12 नवंबर से लागू हो चुकी हैं। कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अमूल गोल्ड का एक लीटर पैक 70 रुपए से बढ़कर 74 रुपए हो गया है, जबकि अमूल फ्रेश की कीमत 57 रुपए से बढ़कर 59 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है।

प्रदेश में सांची के बाद अमूल दूध की सबसे ज्यादा खपत होती है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, मध्य प्रदेश में प्रतिदिन साढ़े 4 लाख लीटर से अधिक अमूल दूध की बिक्री होती है। इसमें इंदौर सबसे आगे है, जहां रोजाना करीब सवा लाख लीटर दूध की खपत होती है। वहीं भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर में प्रतिदिन 50 से 80 हजार लीटर के बीच अमूल दूध की बिक्री होती है। ऐसे में कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी का असर प्रदेश के हजारों परिवारों के मासिक बजट पर पड़ना तय है।

जानकारी के अनुसार, अमूल की ओर से दूध की नई कीमतों की जानकारी सप्लायर्स को मौखिक रूप से दे दी गई है। हालांकि, उन्हें अभी तक लिखित आदेश प्राप्त नहीं हुए हैं। सप्लायर हरीश के मुताबिक, 12 नवंबर से भोपाल सहित प्रदेश के अन्य शहरों में अमूल दूध की बिक्री बढ़ी हुई कीमतों पर की जा रही है।

भोपाल में खुले दूध की खपत ज्यादा, पैकेट में सांची आगे

भोपाल में पैकेट वाले दूध की तुलना में खुले दूध की खपत अधिक है। शहर में प्रतिदिन 6 से 8 लाख लीटर खुले दूध की बिक्री होती है। वहीं पैक्ड दूध के बाजार में सांची सबसे आगे है, जिसकी रोजाना औसतन 3 लाख लीटर बिक्री होती है। अमूल की खपत करीब 80 हजार लीटर प्रतिदिन है। इसके अलावा सौरभ, श्रीधी और मदर डेयरी के दूध की भी बाजार में अच्छी मांग है।

मदर डेयरी ने भी बढ़ाए दाम, लेकिन MP में फिलहाल पुरानी कीमतें


मदर डेयरी ने भी बुधवार को दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की है, लेकिन मध्य प्रदेश में फिलहाल नई दरें लागू नहीं की गई हैं। प्रदेश में मदर डेयरी की प्रतिदिन करीब डेढ़ लाख लीटर सप्लाई होती है, जबकि भोपाल में इसकी खपत लगभग 25 हजार लीटर है। इसके अलावा इंदौर, सागर, विदिशा, हरदा, मंडीदीप, इटारसी और नर्मदापुरम सहित अन्य क्षेत्रों में भी इसकी आपूर्ति होती है।

स्थानीय डिस्ट्रीब्यूटर्स के अनुसार, मध्य प्रदेश में मदर डेयरी की कीमतें स्थानीय बाजार और दूध संघों की दरों के आधार पर तय होती हैं। फिलहाल प्रदेश में मदर डेयरी के उपभोक्ताओं को पुरानी कीमतों पर ही दूध मिल रहा है।

क्या होता है दूध की अलग-अलग वैरायटी का मतलब?

दूध खरीदते समय फुल क्रीम, टोंड और डबल टोंड जैसे नाम अक्सर सुनने को मिलते हैं। फुल क्रीम दूध में कम से कम 6 प्रतिशत फैट होता है, जिससे यह अपेक्षाकृत गाढ़ा होता है। टोंड दूध में फैट की मात्रा लगभग 3 प्रतिशत रखी जाती है, जबकि डबल टोंड दूध में यह करीब 1.5 प्रतिशत होती है। वहीं बल्क टोंड दूध मदर डेयरी के वेंडिंग बूथ पर सीधे उपलब्ध कराया जाता है।

इस तरह अमूल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के बाद अब प्रदेश के उपभोक्ताओं को दूध खरीदने के लिए पहले से अधिक खर्च करना होगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post