दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी नई किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ में राजनीतिक जीवन से जुड़े कई अनसुने और निजी प्रसंग साझा किए हैं। किताब में मध्यप्रदेश की राजनीति के दो दिग्गज नेताओं पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री माधवराव सिंधिया का विशेष उल्लेख किया गया है। सोनिया गांधी ने अर्जुन सिंह को बेहद समझदार और अनुभवी सलाहकार बताया है, वहीं माधवराव सिंधिया को ऐसा सहयोगी बताया है, जो संसद में उनकी घबराहट और असमंजस को बिना कहे समझ जाते थे।
किताब में 1999 में अटल बिहारी वाजपेयी सरकार गिरने के बाद की राजनीतिक परिस्थितियों का भी जिक्र है। सोनिया गांधी ने स्वीकार किया है कि उस समय उन्हें अर्जुन सिंह की सलाह माननी चाहिए थी। उनके मुताबिक, अर्जुन सिंह जटिल राजनीतिक परिस्थितियों को समझने और उनका सार निकालने में बेहद कुशल थे। वे सभी की बातें ध्यान से सुनते और फिर बेहद कम शब्दों में अपनी बात रखते थे।
सोनिया गांधी ने लिखा है कि 1999 में वाजपेयी सरकार गिरने के बाद कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के पास 233 सांसदों का समर्थन था। कुछ अन्य नेताओं ने भी समर्थन का भरोसा दिलाया था। इसी आधार पर उन्हें उम्मीद थी कि सरकार बनाने के लिए जरूरी संख्या जुटाई जा सकती है। इसी उम्मीद के साथ वे राष्ट्रपति से मिलने पहुंची थीं। हालांकि, बाद में उन्हें महसूस हुआ कि उस समय अर्जुन सिंह की सलाह मानना ज्यादा बेहतर होता, लेकिन उन्होंने एक अन्य व्यक्ति के आग्रह पर अलग निर्णय लिया था। किताब में उस व्यक्ति का नाम उजागर नहीं किया गया है।
अर्जुन सिंह के साथ सोनिया गांधी के राजनीतिक रिश्तों का सफर भी दिलचस्प रहा। राजीव गांधी की हत्या के बाद सोनिया सक्रिय राजनीति से दूर थीं। वर्ष 1995 में कांग्रेस के भीतर गुटबाजी के दौरान अर्जुन सिंह, एनडी तिवारी और मोहसिना किदवई सहित कुछ वरिष्ठ नेताओं ने उनसे अपने राजनीतिक गुट को समर्थन देने का आग्रह किया था। सोनिया ने किसी भी गुट का समर्थन नहीं किया, जिसके बाद इन नेताओं ने कांग्रेस छोड़कर अलग पार्टी बना ली। हालांकि, 2004 में यूपीए सरकार बनने के बाद अर्जुन सिंह एक बार फिर सोनिया गांधी के भरोसेमंद नेताओं में शामिल हो गए। तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी के बीच समन्वय के लिए गठित छह सदस्यीय कोर ग्रुप में भी अर्जुन सिंह को जगह मिली थी।
माधवराव सिंधिया को याद करते हुए सोनिया गांधी ने लिखा है कि संसद में शुरुआती दिनों के दौरान जब भी वे घबराहट या असमंजस की स्थिति में होती थीं, माधवराव उनकी परेशानी तुरंत भांप लेते थे और मदद के लिए आगे आ जाते थे। सोनिया के मुताबिक, माधवराव सिंधिया, अंबिका सोनी और अहमद पटेल उन चुनिंदा नेताओं में शामिल थे, जिनसे वे पार्टी के महत्वपूर्ण राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर सलाह लिया करती थीं। माधवराव सिंधिया ने वर्ष 1996 में जीके मूपनार और पी. चिदंबरम के साथ कांग्रेस छोड़ दी थी, लेकिन करीब डेढ़ साल बाद वे पार्टी में लौट आए। वर्ष 2001 में विमान दुर्घटना में उनके निधन को सोनिया गांधी ने अपने लिए बड़ा व्यक्तिगत आघात बताया है।
किताब में एक पारिवारिक प्रसंग का उल्लेख भी किया गया है, जिसका संबंध राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया से है। सोनिया गांधी के अनुसार, मार्च 1981 में संजय गांधी के निधन के बाद इंदिरा गांधी और मेनका गांधी के बीच रिश्तों में तनाव बढ़ रहा था। इसी दौरान मेनका गांधी के बेटे वरुण गांधी का पहला जन्मदिन आया। इंदिरा गांधी चाहती थीं कि यह जन्मदिन घर पर मेनका के दोस्तों और उनके बच्चों के साथ मनाया जाए, लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि जन्मदिन की पार्टी वसुंधरा राजे सिंधिया के घर पर आयोजित की गई थी।
सोनिया गांधी ने वसुंधरा राजे का परिचय ग्वालियर की राजमाता विजयाराजे सिंधिया की बेटी के रूप में दिया है। उन्होंने विजयाराजे सिंधिया को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की कट्टर समर्थक और इंदिरा गांधी की प्रमुख राजनीतिक विरोधियों में से एक बताया है। किताब में आपातकाल के दौरान विजयाराजे सिंधिया को जेल भेजे जाने का प्रसंग भी दर्ज है।
मध्यप्रदेश से जुड़े अन्य घटनाक्रमों में सोनिया गांधी ने राजीव गांधी के प्रधानमंत्री कार्यकाल के दौरान पड़े भीषण सूखे का उल्लेख किया है। उन्होंने लिखा है कि इस सूखे ने मध्यप्रदेश सहित राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक और तमिलनाडु के लाखों लोगों को प्रभावित किया था और यह एक बड़ा मानवीय संकट था।
इसके अलावा 2003 के विधानसभा चुनावों में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में भाजपा की जीत के बाद पार्टी में बढ़े उत्साह का भी जिक्र किया गया है। सोनिया गांधी ने 18 जनवरी 2004 को हैदराबाद में हुई भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का संदर्भ देते हुए उस समय पार्टी के आत्मविश्वास का उल्लेख किया है। वहीं 2004 के लोकसभा चुनाव प्रचार को याद करते हुए उन्होंने बताया कि उन्होंने उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, राजस्थान के साथ मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी व्यापक दौरे किए थे। उनके मुताबिक, इस चुनाव अभियान ने यूपीए की जीत की जमीन तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
सोनिया गांधी की किताब के ये प्रसंग केवल राजनीतिक घटनाओं का लेखा-जोखा नहीं हैं, बल्कि मध्यप्रदेश के उन नेताओं के साथ उनके व्यक्तिगत और राजनीतिक संबंधों की झलक भी पेश करते हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Tags
madhya pradesh
