दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में बदमाशों ने चाकू की धमकी देकर 16 वर्षीय छात्र से एक्टिवा वाहन और एप्पल कंपनी का आईफोन लूट लिया। तीन अज्ञात बदमाशों ने छात्र और उसके दोस्त को रास्ते में रोककर वारदात को अंजाम दिया और अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए। पुलिस के अनुसार प्रियांशु मेहतो (16), निवासी अंबेडकर चौक, इंद्रानगर, कक्षा 11वीं का छात्र है। उसने रांझी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने दोस्त आयुष बाल्मीकि के साथ अपनी बुआ नीते मेहतो की नई एक्सिस से व्हीएफजे बाजार से घर लौट रहा था। जब वे व्हीएफजे सरकारी चक्की चौराहे के पास पहुंचे, तभी तीन अज्ञात लड़कों ने अपनी गाड़ी सामने लगाकर उनका रास्ता रोक लिया।
उनमें से एक युवक ने चाकू निकालकर डराया, जबकि दूसरे ने एक्टिवा के सामने वाले डैशबोर्ड में रखा एप्पल कंपनी का आईफोन निकाल लिया। इसके बाद तीनों बदमाशों ने जबरन एक्टिवा छीन ली। एक आरोपी एक्टिवा लेकर स्कूल की तरफ भाग गया, जबकि अन्य दो मोटरसाइकिल से मड़ई की ओर फरार हो गए। पीड़ित की रिपोर्ट पर रांझी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
Tags
jabalpur
