Jabalpur News: SAF जवान से मोबाइल स्नेचिंग करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, सरगना समेत 4 गिरफ्तार; बमबाजी के मामले में भी था फरार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में एसएएफ (SAF) के जवान से मोबाइल स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए मुख्य सरगना सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरोह का मुख्य सरगना शांति नगर में हुई बमबाजी की एक अन्य घटना में भी फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर एक बम भी बरामद किया है।

थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के अनुसार, 3 और 4 तारीख की दरमियानी रात एसएएफ में पदस्थ जवान प्रदीप पांडे सिविल ड्रेस में कहीं से लौट रहे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए बदमाशों ने अचानक उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद फरियादी की शिकायत पर रांझी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर पुलिस टीम ने दबिश देते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में लखन चौधरी (मुख्य सरगना), सौरभ चौधरी, रिक्की एंथोनी और शिवा चौधरी शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त दोनों मोटरसाइकिलें जब्त कर ली हैं।

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि गिरोह का मुख्य सरगना लखन चौधरी शांति नगर में हुई बमबाजी की एक अन्य वारदात में भी वांछित था। इस मामले में उसकी गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने उसके कब्जे से एक बम बरामद किया है। वहीं, बमबाजी की घटना में शामिल उसके तीन अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post