दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में अपराधों पर अंकुश लगाने और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए जबलपुर पुलिस ने विशेष ‘गुंडा अभियान’ शुरू कर दिया है। अभियान के पहले ही दिन पुलिस ने जिलेभर में कार्रवाई करते हुए 30 हिस्ट्रीशीटर और आदतन बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने बुधवार देर रात और गुरुवार तड़के विभिन्न इलाकों में दबिश देकर वारंटियों और शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका वाले बदमाशों को पकड़ा।
सीएसपी सतीश कुमार साहू ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के सक्रिय बदमाशों की सूची तैयार कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद पुलिस टीमों ने संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देकर बदमाशों की धरपकड़ की।
चाकू और तलवार के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
अभियान के दौरान सुमित केवट और प्रमोद पटवा नामक दो बदमाशों के कब्जे से चाकू और तलवार बरामद की गई। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। वहीं अन्य बदमाशों को थाने लाकर उनकी परेड कराई गई और भविष्य में अपराधों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई।
रांझी-गढ़ा थानों में बदमाशों की कराई गई परेड
गुंडा अभियान के तहत रांझी और गढ़ा थाना पुलिस ने भी 10 से अधिक बदमाशों की परेड कराई। इनमें ऐसे अपराधी भी शामिल थे, जो बार-बार बुलाने के बावजूद थाने में उपस्थित नहीं हो रहे थे। पुलिस ने उन्हें थाने लाकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।
कुख्यात अपराधियों पर जिलाबदर की तैयारी
पुलिस पकड़े गए बदमाशों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है। उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। वहीं आदतन और कुख्यात अपराधियों के खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई की भी तैयारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
Tags
jabalpur
