दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कमलनाथ और दिग्विजय ने एग्जिट पोल पर उठाए सवाल, कार्यकर्ताओं को दिया मनोबल बनाए रखने का संदेश कल होने वाली लोकसभा चुनाव की मतगणना से पहले, कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने एग्जिट पोल के नतीजों पर सवाल उठाए हैं और कार्यकर्ताओं से भाजपा के हथकंडों पर ध्यान न देने की अपील की है।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट किया कि राजगढ़ लोक सभा क्षेत्र राजगढ़, गुना और आगर मालवा क्या किसी टीवी चैनल ने इन तीनों जिलों में अपने लोग भेजकर सही तरीके से एग्जिट पोल किया? उन्होंने लिखा, "राघौगढ़ से लेकर सुसनेर तक एक ही दिन में वोट डालकर बाहर आ रहे लोगों से पूछना कि किसको वोट दिया और एग्जिट पोल तैयार करना संभव नहीं है। इसके लिए कम से कम 100 लोगों की टीम चाहिए।" दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे मतगणना पर ध्यान दें और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए सतर्क रहें। "राजगढ़ में चुनाव आप सबकी कड़ी मेहनत और जनता के समर्थन से लड़ा गया है। बस एक मतगणना वाले दिन की मेहनत बाकी है। जब तक परिणाम घोषित न हो जाए तब तक अपनी टेबल न छोड़ें।"
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी एक्स पर पोस्ट कर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और भाजपा पर झूठा प्रोपेगंडा फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने लिखा, "भाजपा झूठा प्रोपेगंडा और मनोबल तोड़ने के लिए सारे हथकंडे अपना रही है। आप इन सब चीजों पर ध्यान मत दीजिए और केवल अपने काम पर ध्यान लगाइए।" कमलनाथ ने कार्यकर्ताओं से फार्म 17 सी का मिलान सही तरीके से करने और ईवीएम खुलने के समय ध्यान से देखने का आग्रह किया। उन्होंने लिखा, "किसी तरह के दबाव में न आएं। छिंदवाड़ा ही नहीं, पूरे देश और प्रदेश की जनता ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन का साथ दिया है। परिणाम अच्छे आएंगे।"