Jabalpur News: तेज रफ्तार कार ने स्कूली वैन को मारी जोरदार टक्कर, 8 बच्चे घायल, 3 की हालत गंभीर; देखें वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को गढ़ापुरवा रोड पर तेज रफ्तार कार ने बच्चों को लेकर लौट रही स्कूली वैन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वैन में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में 8 बच्चे घायल हुए हैं, जिनमें 3 बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार धनवंतरी नगर स्थित ब्रिटिश स्कूल की वैन रोजाना की तरह गुरुवार को बच्चों को स्कूल से लेकर उनके घरों की ओर लौट रही थी। इसी दौरान गढ़ा रोड के पास सामने से आई तेज रफ्तार कार ने वैन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार बच्चों में अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्चों को मेडिकल अस्पताल भिजवाया। तीन बच्चों को गंभीर चोटें आने पर चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया।

घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। घायल बच्चों को देखकर परिजनों में चिंता और आक्रोश का माहौल बन गया।

पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और कार की रफ्तार कितनी थी। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post