दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नेपियर टाउन स्थित मेसर्स लक्ष्मी फार्मा को खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को जांच के बाद सील कर दिया। प्रतिष्ठान के संबंध में नशीली औषधियों और अबॉर्शन किट के कथित अवैध क्रय-विक्रय की शिकायत मिली थी।
ड्रग इंस्पेक्टर शरद कुमार जैन के अनुसार, जबलपुर हॉस्पिटल के पास स्थित लक्ष्मी फार्मा के संबंध में औषधियों के कथित अवैध क्रय-विक्रय की शिकायत की जांच की गई। जांच के दौरान मेसर्स श्री साईं एजेंसी, पनागर के नाम पर कथित तौर पर मादक/नशीली औषधियों और गर्भपात संबंधी किट (Abortion Kits) के क्रय-विक्रय की जानकारी सामने आने की बात कही गई।
शिकायत के सत्यापन और संबंधित औषधियों व दस्तावेजों को सुरक्षित रखने के लिए संयुक्त टीम ने प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। इस दौरान मेडिकल स्टोर बंद मिला। औषधियों और अभिलेखों की उपलब्धता तथा उनकी वैधानिकता की जांच आवश्यक होने के कारण औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 और संबंधित नियमों के तहत प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया।
संचालक को जांच पूरी होने तक प्रतिष्ठान नहीं खोलने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कथित अबॉर्शन किट और मादक/नशीली औषधियों के क्रय-विक्रय पर भी रोक लगाई गई है। प्रतिष्ठान खोलने से पहले संबंधित विभाग से अनुमति लेने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि कार्रवाई शिकायत के सत्यापन और नियमानुसार जांच की प्रक्रिया के तहत की गई है। किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
Tags
jabalpur
