Jabalpur News: शैल्वी हॉस्पिटल में महिला की मौत पर हंगामा, परिजनों का आरोप—पेट दर्द में कराया भर्ती, बीमा का पता चलते ही कर दी हार्ट सर्जरी; देखें वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। विजयनगर स्थित शैल्वी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पनागर के बिजोरा गांव निवासी जितेंद्र पटेल अपनी मां भगवती पटेल को पेट में तकलीफ होने पर अस्पताल लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि जांच के बाद डॉक्टरों ने हार्ट ब्लॉक की बात कहकर सर्जरी की, जिसके करीब छह घंटे बाद मरीज की मौत हो गई।

परिजनों के मुताबिक, उन्हें अस्पताल में उपचार के दौरान पता चला कि मरीज का बीमा है। बेटे जितेंद्र पटेल ने आरोप लगाया कि बीमा की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल में सर्जरी की गई और करीब ढाई लाख रुपये का बिल बनाया गया।

सर्जरी के कुछ घंटे बाद हुई मौत


परिजनों का कहना है कि मरीज को पेट संबंधी परेशानी थी, लेकिन अस्पताल के कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. आशीष तिवारी ने हार्ट ब्लॉक की समस्या बताते हुए सर्जरी की। सर्जरी के लगभग छह घंटे बाद भगवती पटेल की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया।

बॉडी सौंपने में देरी का आरोप


मरीज की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से शव सौंपने की मांग की। परिजनों का आरोप है कि शव देने में भी आनाकानी की गई। हंगामे की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। खबर लिखे जाने तक शव परिजनों को सौंपे जाने की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई थी।

डॉक्टर ने कहा- जान बचाने का पूरा प्रयास किया


मामले में कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. आशीष तिवारी ने परिजनों के आरोपों से अलग पक्ष रखते हुए कहा कि मरीज की सर्जरी सफल रही थी और डॉक्टरों ने उनकी जान बचाने का भरपूर प्रयास किया। उन्होंने उपचार के दौरान किसी तरह की लापरवाही से इनकार किया।

फिलहाल मामले में परिजनों के आरोप और अस्पताल की ओर से दिए गए पक्ष सामने आए हैं। मरीज की मौत की वास्तविक वजह और उपचार में किसी तरह की लापरवाही हुई या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post