दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मदन महल थाना क्षेत्र स्थित टिमटिम होटल के बाहर शनिवार को पति-पत्नी और एक वकील के बीच विवाद और मारपीट का मामला सामने आया। पति रईस अहमद ने आरोप लगाया कि उसने अपनी पत्नी को वकील सलीम खान के साथ होटल में देखा, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया। रईस ने मौके पर ही पत्नी को तीन तलाक देने का दावा किया है।
रईस अहमद के मुताबिक, उसका पत्नी के साथ करीब चार साल से कोर्ट में विवाद चल रहा है। उसका आरोप है कि पत्नी का वकील सलीम खान उसे बहका रहा था और दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी। इसी शक के चलते वह होटल पहुंचा था, जहां पत्नी को वकील के साथ देखकर विवाद बढ़ गया।
वकील ने आरोपों को बताया झूठा
वहीं, वकील सलीम खान ने रईस अहमद के आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि महिला उनकी क्लाइंट है और होटल में उससे दूसरे मामले को लेकर कानूनी चर्चा के लिए मुलाकात हुई थी। सलीम खान के अनुसार, रईस पिछले करीब दो वर्षों से उन पर झूठे आरोप लगा रहा है। उनका आरोप है कि होटल के रिसेप्शन पर पहुंचते ही रईस ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
होटल में विवाद और हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। रईस अहमद ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags
jabalpur
