Jabalpur News: तेज रफ्तार कार भोजनालय में घुसी, अधिवक्ता की मौत; 4 गंभीर, कार से मिली शराब की बोतल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मेडिकल कॉलेज के पास शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित भोजनालय में जा घुसी। हादसे में कार सवार अधिवक्ता शिवम शर्मा की मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल है। भोजनालय में सो रहे तीन लोग भी हादसे की चपेट में आकर घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शी लकी कुशवाहा ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ सुबह करीब 4 बजे भोजनालय खोलने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर भोजनालय में जा घुसी। कार में शरद कुमार दुबे और शिवम शर्मा मौजूद थे। हादसे के बाद कार की जांच करने पर उसमें शराब की एक बोतल मिली।

दोस्त से मिलने जा रहे थे 

जानकारी के मुताबिक अधिवक्ता शिवम शर्मा कार क्रमांक एमपी 20 सीके 0199 से जसूजा सिटी में अपने दोस्त शरद कुमार दुबे से मिलने जा रहे थे। मेडिकल कॉलेज के मॉर्च्यूरी गेट के पास पहुंचते ही कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित भोजनालय में जा घुसी।

टक्कर इतनी तेज थी कि भोजनालय में सो रहे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कार की चपेट में आने से तीन लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ धनवंतरी नगर पुलिस चौकी का स्टाफ मौके पर पहुंचा और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

घायलों को आई गंभीर चोटें

हादसे में घायलों के सिर, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। कुछ घायलों के सिर में गहरी चोट लगी है। सभी घायलों का मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है।

कार में मिली शराब की बोतल

प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक हादसे के बाद कार के अंदर शराब की एक बोतल मिली। हालांकि, कार में सवार लोगों ने शराब का सेवन किया था या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। जांच में कार की रफ्तार, चालक की स्थिति और वाहन के अनियंत्रित होने की वजह समेत अन्य पहलुओं को शामिल किया गया है।

 पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव

धनवंतरी नगर पुलिस चौकी के स्टाफ ने अधिवक्ता शिवम शर्मा के शव का पंचनामा कराया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post