दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र के भोलानगर में शनिवार शाम दिनदहाड़े गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान प्रेमसागर निवासी करन पावड़े के रूप में हुई है। घायल युवक का नाम अंकित रैकवार बताया गया है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को पकड़कर थाने लाया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 5 बजे करन पावड़े अपने साथी अंकित रैकवार के साथ खड़ा था। इसी दौरान दो बाइक से चार युवक वहां पहुंचे और बिना किसी बातचीत के फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब तीन-चार राउंड गोलियां चलाईं। फायरिंग होते ही मौके पर भगदड़ मच गई। इसके बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए।
जमीन पर पड़ा मिला करन
फायरिंग के बाद स्थानीय लोगों ने करन को सड़क पर घायल हालत में पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही हनुमानताल थाना पुलिस और प्रेमसागर चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल अंकित रैकवार को उपचार के लिए निजी अस्पताल भिजवाया। वहीं, करण को एम्बुलेंस की मदद से विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने करण के शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस मृतक के परिजनों और परिचितों से भी पूछताछ कर रही है। वहीं, कुछ संदिग्धों को पुलिस पकड़कर थाने लाई है, जिनसे वारदात को लेकर पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कौन-कौन शामिल था और गोलीबारी के पीछे क्या कारण था।

