दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। बिलखिरिया थाना क्षेत्र के चार नंबर कोकता में अगरबत्ती से बिस्तर में आग लगने की घटना में गंभीर रूप से झुलसी 23 वर्षीय नवविवाहिता पूजा अहिरवार की शनिवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन ने महिला के पति पर प्रताड़ित करने और हत्या की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की है।
पुलिस के मुताबिक, पूजा अहिरवार पति अशोक अहिरवार के साथ चार नंबर कोकता में रहती थी। गुरुवार रात घर में बिस्तर पर अगरबत्ती से आग लगने की बात सामने आई। आग की चपेट में आने से पूजा गंभीर रूप से झुलस गई थी। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई। परिजन की मौजूदगी में शनिवार दोपहर शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया।
पूजा के भाई रवि अहिरवार ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही अशोक शराब के नशे में उसकी बहन के साथ बदसलूकी और मारपीट करता था। रवि का दावा है कि घटनास्थल से केरोसिन भी मिला है। इसी आधार पर परिवार ने आग लगने की घटना को संदिग्ध बताते हुए पूजा की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है।
रवि के अनुसार, पूजा और अशोक ने करीब दो साल पहले लव मैरिज की थी। बताया गया है कि अशोक के परिजन इस शादी से खुश नहीं थे और पूजा को ताने देकर परेशान करते थे। परिजन का कहना है कि पूजा ने कई बार अपनी मां से बातचीत में ससुराल पक्ष की प्रताड़ना का जिक्र किया था। परिवार के मुताबिक, पूजा करीब एक महीने की गर्भवती भी थी।
पुलिस ने घटनास्थल से मिले सामान को जांच के लिए सुरक्षित किया है। पुलिस आग लगने की परिस्थितियों, घटनास्थल की स्थिति, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों की जांच कर रही है। बिलखिरिया पुलिस का कहना है कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आग वास्तव में अगरबत्ती से लगी थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।
Tags
madhya pradesh
