Jabalpur News: क्लास में पढ़ाई के दौरान शिक्षक ने छात्रा को मारा डस्टर, परिजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गंगा नगर गढ़ा स्थित रानी दुर्गावती कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला में एक शिक्षक की बर्बरता का मामला सामने आया है। कक्षा सातवीं (वर्ग ‘अ’) में पढ़ने वाली एक छात्रा पर उसके ही शिक्षक आशीष जैन द्वारा डस्टर फेंककर मारने का आरोप लगा है। इस घटना में छात्रा को चोट आई है, जिसके बाद परिजनों के आक्रोश के बीच पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कक्षा में पढ़ाई के दौरान शिक्षक द्वारा फेंके गए डस्टर से छात्रा घायल हो गई। बच्ची ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन तत्काल संजीवनी नगर थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने स्कूल में बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि बच्चे सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण की उम्मीद से स्कूल जाते हैं। ऐसे में शिक्षकों का ऐसा हिंसक व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। परिजनों ने निष्पक्ष जांच और दोषी शिक्षक पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए संजीवनी नगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। छात्रा और प्रत्यक्षदर्शी अन्य छात्र-छात्राओं के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी और नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post