Jabalpur News: चाय-नाश्ते की दुकान पर बदमाशों ने फेके सूअरमार बम, इलाके में दहशत

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
रांझी थाना क्षेत्र में पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के सामने स्थित चाय-नाश्ते की दुकान को अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाते हुए बमबाजी की। लगातार तेज धमाकों की आवाज से क्षेत्र में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार रामनगर रांझी निवासी विभाष गुप्ता अपने भाई सुभाष गुप्ता के साथ पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के सामने चाय-नाश्ते की दुकान संचालित करते हैं। बीती रात करीब 9 बजे दोनों दुकान बंद कर घर चले गए थे। 

इसके बाद 30 सितंबर की दरमियानी रात दुकान के आसपास अचानक तेज धमाकों की आवाज सुनाई दी। धमाकों की आवाज सुनकर विभाष अपने भाई के साथ मौके पर पहुंचे तो दुकान की शटर पर बम पटके जाने की जानकारी सामने आई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस को घटनास्थल से फटे हुए बम के अवशेष मिले हैं। इसके अलावा दो जिंदा सूअरमार बम भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बरामद सामग्री को सुरक्षित कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के संबंध में रांझी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 0790/2026 दर्ज किया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मुखबिर तंत्र के माध्यम से आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post