दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। एक पक्ष ने चाकू से हमला करने का आरोप लगाया, जबकि दूसरे पक्ष ने डंडों से मारपीट किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मारपीट में घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाए जाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। लाल बाबा, धनवंतरी नगर निवासी आकाश बाल्मीकि (23) ने पुलिस को बताया कि वह छोटी लाइन फाटक स्थित सुविधा अस्पताल में काम करता है। उसके छोटे भाई दशरथ बाल्मीकि ने नारायण उर्फ अंचल बाल्मीकि को शराब पीने के लिए 500 रुपये दिए थे। पैसे वापस मांगने को लेकर एक दिन पहले भी नारायण उर्फ अंचल ने मारपीट की थी। आकाश के मुताबिक बीती रात करीब 9 बजे वह लाल बाबा बस्ती में खड़ा था, तभी नारायण उर्फ अंचल वहां आया और गाली-गलौज करने लगा। गाली देने से मना करने पर वह 500 रुपये की मांग करने लगा। इसी दौरान राजेंद्र बाल्मीकि भी वहां पहुंचा और उसे थप्पड़ मार दिया। आरोप है कि इसके बाद अंचल ने चाकू से हमला कर उसके हाथ और कांख में चोट पहुंचाई। दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। आकाश की शिकायत पर पुलिस ने धारा 118(1), 119(1), 296(बी), 351(3) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
वहीं, मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान राजेंद्र बाल्मीकि (21), निवासी नमन बिहार कॉलोनी, धनवंतरी नगर ने भी पुलिस को शिकायत दी। उसने बताया कि बीती रात करीब 9 बजे वह अपने बड़े भाई अंचल बाल्मीकि के साथ राजश्री खाने अंतू की किराना दुकान गया था। इसी दौरान गौरव बाल्मीकि, सौरभ बाल्मीकि और आकाश बाल्मीकि डंडे लेकर वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उसके तथा उसके भाई अंचल के साथ डंडों से मारपीट की। राजेंद्र के अनुसार मारपीट में दोनों भाइयों के हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। आरोप है कि तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। राजेंद्र की शिकायत पर संजीवनी नगर थाना पुलिस ने धारा 115(2), 296(बी), 351(3) और 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
Tags
jabalpur
