Jabalpur News: गणेश विसर्जन के दौरान खूनी संघर्ष, तलवार और धारदार हथियारों से हमला, महिला समेत 4 घायल; देखें वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। लार्डगंज थाना क्षेत्र के गढ़ा फाटक स्थित रवीनगर इलाके में गणेश विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद के बाद खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष के लोगों ने तलवार और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया। घटना में एक महिला समेत चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गणेश विसर्जन के दौरान शुरू हुआ विवाद


पीड़ित पक्ष के सोनू अहिरवार के मुताबिक, विवाद गढ़ा फाटक मेन रोड स्थित श्री साईं गणेश उत्सव समिति के गणेश विसर्जन के दौरान शुरू हुआ। उनका आरोप है कि कुछ युवकों के बीच पहले विवाद हुआ, जिसके बाद मामला बढ़ गया।

सोनू अहिरवार का आरोप है कि देर रात तरुण सोनकर, कपिल सोनकर, शेरू सोनकर, राजेश सोनकर, अमित सोनकर, विनोद सोनकर, यश सोनकर, विवेक सोनकर और कल्लू सोनकर समेत करीब 15 से 20 लोग हथियारों के साथ पहुंचे।

घर के बाहर खड़े लोगों पर हमला करने का आरोप


पीड़ित पक्ष का आरोप है कि वे अपने घर के बाहर खड़े थे, तभी आरोपियों ने अचानक तलवार और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस दौरान महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट किए जाने का आरोप है।

हमले में इमरती अहिरवार, दीपक अहिरवार, विपिन अहिरवार और अमित अहिरवार घायल हुए हैं। इनमें विपिन अहिरवार के सिर पर गंभीर चोट आने की बात सामने आई है।

पुलिस ने कहा- दोनों पक्षों के लोग घायल


पुलिस के अनुसार, गढ़ा फाटक इलाके में दो पक्षों के बीच लड़ाई-झगड़े और मारपीट की सूचना मिली थी। घटना में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के चार से अधिक लोग घायल हुए हैं।

सभी घायलों का प्राथमिक डॉक्टरी परीक्षण (मुलाहिजा) कराया जा रहा है। घायलों के बयान और मुलाहिजा रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post