दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की रहने वाली एक महिला ने दुबई में घरेलू काम के नाम पर भेजे जाने के बाद कथित शोषण और बंधक बनाए जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का दावा है कि उसे करीब 90 दिनों तक बाहर जाने की आजादी नहीं दी गई, मोबाइल और पासपोर्ट अपने पास रख लिए गए और घर लौटने के लिए डेढ़ लाख रुपए की मांग की गई।
महिला ने बताया कि वह जून 2026 में एक एजेंट के जरिए दुबई गई थी। उसे 10 से 12 हजार रुपए महीने की सैलरी पर घरेलू काम दिलाने का भरोसा दिया गया था। एजेंट ने उससे कोई पैसा नहीं लेने की बात कही थी। हालांकि, दुबई पहुंचने के बाद परिस्थितियां कथित तौर पर बदल गईं।
घर लौटने की बात कही तो मांगे डेढ़ लाख रुपए
महिला के मुताबिक, दुबई पहुंचने के बाद उसने कुछ समय काम किया, लेकिन जब उसने वापस भारत जाने की इच्छा जताई तो उससे कथित तौर पर डेढ़ लाख रुपए मांगे गए। उससे परिवार को फोन कर पैसे मंगाने के लिए कहा गया। महिला का आरोप है कि उसने एजेंट से भी मदद मांगी, लेकिन वहां से भी परिवार से पैसे मंगाने के लिए कहा गया।
महिला का दावा है कि कुछ दिनों बाद उसे दूसरी जगह ले जाया गया। वहां उसके रहने की जगह से नीचे जाने वाले रास्ते पर बाहर से ताला लगा दिया जाता था। उसने वहां कैमरे लगे होने और उसकी गतिविधियों पर नजर रखे जाने का भी आरोप लगाया।
महिला के अनुसार, कई अन्य महिलाएं भी वहां मौजूद थीं। उनका कहना है कि महिलाओं को लाइन में खड़ा किया जाता था और काम को लेकर विरोध करने या सवाल पूछने पर कथित तौर पर गाली-गलौज की जाती थी। उसने कुछ महिलाओं के साथ कथित मारपीट देखने का भी दावा किया।
दो रोटियां लेने पर डांटने का दावा
महिला ने बताया कि वहां खाना भी सीमित मात्रा में दिया जाता था। उसके मुताबिक, एक दिन उसे बहुत ज्यादा भूख लगी थी और उसने दो रोटियां उठाईं। तभी वहां मौजूद एक महिला ने कथित तौर पर उसे डांटते हुए कहा कि ये रोटियां उसके पिता की हैं क्या। महिला का कहना है कि इसके बाद उसने रोटियां वापस रख दीं।
उसका दावा है कि पर्याप्त खाना नहीं मिलने के कारण वह कमजोर होती गई और उसकी तबीयत भी खराब होने लगी।
ओमान भेजने की बात से बढ़ा डर
महिला के मुताबिक, जो महिलाएं वहां काम करने से इनकार करती थीं, उन्हें दूसरी जगह भेजने की बात कही जाती थी। कुछ महिलाओं को ओमान भेजने की बात भी कही गई, जिससे वहां मौजूद महिलाओं में डर का माहौल बना रहता था।
छोटे भाई ने मांगी मदद, फिर भारत लौट सकी महिला
महिला के छोटे भाई ने उसकी स्थिति की जानकारी मिलने के बाद सैयद आबिद हुसैन से संपर्क किया। आबिद ने बताया कि परिवार ने महिला को वापस लाने में मदद मांगी थी। इसके बाद उन्होंने महिला के दस्तावेज जुटाकर भारतीय दूतावास, कांसुलेट, प्रवासी भारतीय सहायता केंद्र और विदेश मंत्रालय की संबंधित टीमों को जानकारी भेजी। आबिद के मुताबिक, अधिकारियों से संपर्क के बाद महिला की वापसी की प्रक्रिया शुरू हुई और आखिरकार वह भारत लौट सकी।
भारत लौटने के बाद महिला ने कथित तौर पर एजेंट मोबिन के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है। उसका कहना है कि दुबई में बिताए दिनों का डर अभी भी उसके मन में है और रात में नींद खुल जाती है।
Tags
madhya pradesh
