दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पश्चिम बंगाल में महिलाओं के साथ हो रहे अनुचित एवं असभ्य व्यवहार के खिलाफ जबलपुर में आज भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता सड़कों पर उतरीं और पश्चिम बंगाल सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पूर्व महापौर स्वाति गोडबोले के नेतृत्व में महिला भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और कलेक्टर को केंद्रीय गृह मंत्री के नाम का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि पश्चिम बंगाल के बिगड़ते हालातों को ध्यान में रखते हुए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
स्वाति गोडबोले ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि एक महिला मुख्यमंत्री होते हुए भी पश्चिम बंगाल में महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचारों को अनदेखा करना शर्मनाक है। उन्होंने कहा, "पश्चिम बंगाल में टीएमसी के कार्यकर्ता सरेआम महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करते हैं और पुलिस-प्रशासन इस पर ध्यान नहीं देता है। ऐसे मुख्यमंत्री को अपनी कुर्सी पर बैठने का कोई अधिकार नहीं है जो महिलाओं की रक्षा नहीं कर सकती।"
घंटाघर में प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मांग की कि पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लागू किया जाए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि देश की राष्ट्रपति, जो स्वयं एक महिला हैं, पश्चिम बंगाल की महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने के लिए उचित कदम उठाएंगी। प्रदर्शनकारियों ने ममता बनर्जी के खिलाफ 'मुर्दाबाद' के नारे भी लगाए।