दैनिक सांध्य बन्धु छतरपुर। मंगलवार सुबह छतरपुर जिले के कदारी के पास नेशनल हाईवे-39 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं से भरा एक ऑटो ट्रक में जा घुसा। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य घायल हो गए। इनमें से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें ग्वालियर रेफर किया गया है। बाकी दो घायलों का इलाज छतरपुर जिला अस्पताल में चल रहा है। मृतकों में बुजुर्ग, एक साल की बच्ची, और अन्य लोग शामिल हैं।
सिविल लाइन थाना प्रभारी वाल्मिक चौबे ने बताया कि हादसा तब हुआ जब उत्तर प्रदेश के महोबा रेलवे स्टेशन से 13 श्रद्धालु बागेश्वर धाम की ओर जा रहे थे। ऑटो का ड्राइवर नींद की झपकी लेने लगा, जिससे ऑटो अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गया। छतरपुर एसपी अगम जैन ने जानकारी दी कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो ने अस्पताल में दम तोड़ा।
इस दुखद घटना में डेढ़ साल की अंशिका और उसके पिता जनार्दन की भी मृत्यु हो गई। हालांकि, मासूम की मां संगीता यादव को अभी तक इस बारे में नहीं बताया गया है। संगीता ने बताया कि वे लखनऊ के रहने वाले हैं और बेटी अंशिका के मुंडन के लिए बालाजी (बागेश्वर धाम) जा रहे थे। दुर्भाग्यवश, यात्रा के दौरान ही यह हादसा हो गया।
मृतकों की सूची:
- प्रेम नारायण कुशवाहा (ऑटो ड्राइवर)
- जनार्दन
- मनु श्रीवास्तव
- नन्हे
- गोविंद
- लालू
- अस्वी (उम्र एक साल)
घायल हुए लोग:
- मोनू (25) पिता रामनरेश श्रीवास्तव, निवासी फर्रुखाबाद, यूपी
- अंशिका (8) पिता जनार्दन यादव, निवासी लखनऊ, यूपी
- अनुष्का (10) पिता जनार्दन यादव, निवासी लखनऊ, यूपी
- संगीता (50) पति जनार्दन यादव
- हरीश (20) पिता विनोद यादव, निवासी बलरामपुर, यूपी
- रामसंही (36) पिता श्रीराम यादव, निवासी बलरामपुर, यूपी
यह हादसा क्षमता से अधिक यात्रियों के सवार होने और ड्राइवर को नींद आने के कारण हुआ, जिससे यह दुखद घटना घटी।
