MP News: महाकौशल में चौथा मेडिकल कॉलेज शुरू, NEET UG 2024 काउंसिलिंग के लिए सीटों का विवरण जारी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में नए सरकारी मेडिकल कॉलेज के उद्घाटन के साथ ही महाकौशल क्षेत्र में मेडिकल कॉलेजों की संख्या चार हो गई है। इस क्षेत्र में पहले से ही दो सरकारी और एक निजी मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। इसके अलावा, महाकौशल में एकमात्र निजी डेंटल कॉलेज जबलपुर में स्थित है। 

राज्य स्तरीय संयुक्त काउंसिलिंग नीट यूजी-2024 के पहले चरण में ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया जारी है। इस वर्ष एमबीबीएस की 4875 और बीडीएस की 1283 सीटों के लिए काउंसिलिंग की जाएगी। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने सत्र 2024-25 के लिए विभिन्न मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में सीटों का विवरण जारी किया है।

मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग प्रक्रिया 29 अगस्त को सीट आवंटन के साथ संपन्न होगी, जिसके बाद आवंटित छात्रों को 31 अगस्त से 4 सितंबर के बीच संबंधित संस्थानों में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इस बार सरकारी कॉलेजों में शासकीय शालाओं के विद्यार्थियों के लिए भी सीटें आरक्षित की गई हैं।

राज्य में कुल 17 सरकारी और 13 निजी मेडिकल कॉलेज, साथ ही एक सरकारी और 13 निजी डेंटल कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। इन कॉलेजों में ओपन कोटे की सीटों में 10 प्रतिशत सीटें इडब्ल्यूएस वर्ग के लिए, 20 प्रतिशत अनुसूचित जनजाति, 16 प्रतिशत अनुसूचित जाति, और 14 प्रतिशत सीटें अल्प पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित हैं। शेष 40 प्रतिशत सीटें सामान्य वर्ग के लिए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post