दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्यसभा की खाली हुई एक सीट पर चुनाव के लिए बीजेपी ने केरल के नेता जॉर्ज कुरियन को अपना प्रत्याशी बनाया है। यह सीट केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा गुना से लोकसभा सांसद चुने जाने के बाद खाली हुई थी। कुरियन का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है, क्योंकि उनके खिलाफ किसी अन्य उम्मीदवार के खड़े होने की संभावना नहीं है।
जॉर्ज कुरियन वर्तमान में मोदी सरकार में मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी विभाग के राज्य मंत्री के रूप में कार्यरत हैं। उनके नामांकन की औपचारिक घोषणा जल्द ही की जाएगी। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 अगस्त है, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 27 अगस्त निर्धारित की गई है। मतदान 3 सितंबर को होगा और परिणाम भी उसी दिन घोषित किए जाएंगे।
इस बीच, समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता यश भारतीय ने इस नामांकन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यादव समाज उम्मीद कर रहा था कि बीजेपी केपी यादव को राज्यसभा भेजेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने बीजेपी पर पिछड़ी जातियों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।
