Jabalpur News: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 511 अपराधी गिरफ्तार, एसपी की मॉनिटरिंग में चलाया गया अभियान

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पुलिस ने शुक्रवार रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 511 फरार अपराधियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) आदित्य प्रताप सिंह के निर्देश पर शहर के सभी थानों की पुलिस टीमें रातभर काबिंग गश्त अभियान में जुटी रहीं। इस दौरान पुलिस ने कई वर्षों से फरार 209 गैर-म्यादी वारंटियों और 302 गिरफ्तारी वारंटियों को पकड़ा, साथ ही 133 जमानती वारंट तामील किए गए। 


अवैध शराब कारोबारियों पर भी पुलिस ने कार्रवाई की और 35 आरोपियों को गिरफ्तार कर 17 लीटर कच्ची शराब और 531 पाव देशी और विदेशी शराब जब्त की गई। इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना, समर वर्मा, प्रदीप कुमार शेण्डे, सूर्यकांत शर्मा और सोनाली दुबे भी पूरी कार्रवाई के दौरान नजर बनाए हुए थे। 

पुलिस ने यह अभियान शुक्रवार रात 12 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक चलाया, जिसमें अपराधियों के घर-घर जाकर उनकी धरपकड़ की गई। इस दौरान कुछ अपराधी पुलिस को देखकर भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया। अभियान में हर थाने में 2-3 टीमें बनाई गईं, जिनमें एक टीम की कमान थाना प्रभारी के हाथों में थी, जबकि अन्य टीमों की जिम्मेदारी उप निरीक्षक और सहायक उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को दी गई थी। 

Post a Comment

Previous Post Next Post