Jabalpur News: अनोखा अभियान, कूलर में मच्छरों के लार्वा मिलने पर लगेगा जुर्माना

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने मच्छर जनित बीमारियों जैसे डेंगू और मलेरिया की रोकथाम के लिए एक अनोखा अभियान शुरू किया है। इसके तहत यदि किसी मकान, दुकान, अस्पताल, या होटल के कूलर या अन्य स्थानों पर मच्छरों के लार्वा मिलते हैं, तो जुर्माना वसूला जाएगा। 

पहले दिन अस्पताल और दो मकानों पर कार्रवाई

शुक्रवार को अभियान के पहले दिन, सैफ नगर स्थित केजीएन अस्पताल सहित दो मकानों के कूलरों में मच्छरों के लार्वा पाए गए। अस्पताल पर दो हजार रुपये का स्पॉट फाइन लगाया गया, जबकि मकान मालिकों से 100-100 रुपये का जुर्माना वसूला गया। नगर निगमायुक्त प्रीति यादव ने बताया कि बारिश के मौसम में मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के प्रयास के तहत यह अभियान चलाया जा रहा है।

निरीक्षण और बीटीआई पाउडर का छिड़काव

टीम ने जोन क्रमांक 16 के अंतर्गत सैफ नगर स्थित केजीएन अस्पताल का निरीक्षण किया, जहां कूलरों में मच्छरों के लार्वा पाए जाने पर दो हजार रुपये का स्पॉट फाइन लगाया गया। इसके अलावा, सुब्बाशाह मैदान के आस-पास के क्षेत्रों में भी निरीक्षण किया गया, जहां दो मकानों के कूलरों में लार्वा मिलने पर 100-100 रुपये का जुर्माना वसूला गया। बीटीआई पाउडर का छिड़काव कर मच्छरों के लार्वा का विनिष्टीकरण किया गया। 

मच्छरों के लार्वा मिलने पर लगेगा 100 से 5000 रुपये तक का जुर्माना

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मच्छरों के लार्वा मिलने पर 100 से लेकर 5000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। यह अभियान डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए चलाया जा रहा है, ताकि शहर में मच्छर जनित बीमारियों के प्रकोप को कम किया जा सके। 

इस अभियान में सहायक स्वास्थ्य अधिकारी सुनील गुजराती सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे और लोगों को अपने घरों और प्रतिष्ठानों के आसपास सफाई रखने की अपील की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post