MP News: बीजेपी का सदस्यता अभियान, प्रदेश में डेढ़ करोड़ नए सदस्य बनाने का लक्ष्य

दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) 1 सितंबर से मध्यप्रदेश में एक बड़ा सदस्यता अभियान शुरू करने जा रही है, जिसका लक्ष्य डेढ़ करोड़ नए सदस्य बनाना है। इस अभियान की तैयारियों को लेकर बुधवार को भोपाल स्थित बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। 

मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि जो सदस्यता अभियान में अच्छा काम करेंगे, उन्हें पार्टी में पद भी मिलेगा। बैठक में तय किया गया कि मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक, सांसद और अन्य बीजेपी पदाधिकारी अभियान में सक्रिय रूप से शामिल होंगे और नए सदस्यों को पार्टी में शामिल करेंगे। 

प्रदेश की जनसंख्या का आधा वोट बैंक भाजपा का बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैठक में जोर देकर कहा कि प्रदेश की जनसंख्या का आधा वोट बैंक बीजेपी का होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार उन विधानसभा क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जहां पार्टी को पिछले चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। 

अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों की योजना

बैठक में तय किया गया कि विभिन्न समितियों और पदों के लिए भी सदस्यता अभियान को आधार बनाया जाएगा। प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने बताया कि ट्राइबल क्षेत्रों, युवाओं, इंजीनियर्स, और डॉक्टर्स को विशेष रूप से पार्टी का सदस्य बनाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 

सदस्यता अभियान की संरचना और कार्यशालाएं

बैठक के बाद, बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि सदस्यता अभियान के लिए 41 लाख कार्यकर्ताओं का एनरोलमेंट किया गया है, जो इस लक्ष्य को हासिल करने में मदद करेंगे। 31 अगस्त को प्रदेश के सभी बूथों पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जिससे सदस्यता अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारी की जाएगी।

कांग्रेस पर निशाना

अरुण सिंह ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अब मध्यप्रदेश में कहीं भी नहीं दिखती और पार्टी का धीरे-धीरे सूपड़ा साफ हो रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी का यह सदस्यता अभियान सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी होगा, जिससे पार्टी और भी मजबूत होकर उभरेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post