Jabalpur News: कोलकाता की घटना के विरोध में शहर के डॉक्टर लामबंद

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कोलकाता में महिला डॉक्टर के साथ हुई हत्या और बलात्कार की घटना को लेकर पूरे देश में डॉक्टरों के बीच आक्रोश फैल गया है। इसी क्रम में जबलपुर के सभी डॉक्टर संगठनों ने आज अपनी सेवाएं बंद रखते हुए घटना का विरोध किया। सरकारी और प्राइवेट दोनों ही क्षेत्रों के डॉक्टर सुबह से ही लामबंद होकर इस विरोध में शामिल हुए।

आज सुबह डॉक्टरों ने सिविक सेंटर से एक बड़ी रैली निकाली, जो घंटाघर पहुंची। रैली के अंत में डॉक्टरों ने कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए आरोपी को फांसी देने की मांग की। शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित इस रैली में डॉक्टर एक लाइन में चल रहे थे और न्याय तथा डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए नारे लगा रहे थे।

इस हड़ताल को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, मध्य प्रदेश डॉक्टर एसोसिएशन और जबलपुर डॉक्टर एसोसिएशन सहित अन्य संगठनों का भी पूरा समर्थन प्राप्त हुआ। जबलपुर के डॉक्टरों ने एक दिन के लिए अपनी सेवाएं स्थगित कर दीं, हालांकि इमरजेंसी सेवाओं को चालू रखा गया। पूरे देश के डॉक्टरों ने इस हड़ताल में भाग लेकर अपने गहरे आक्रोश और एकता का प्रदर्शन किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post