दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कांग्रेस पार्षद दल और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आज नगर निगम के जोन क्रमांक 2 के अंतर्गत आने वाले विभिन्न वार्डों की जन समस्याओं को लेकर उग्र प्रदर्शन किया। स्वामी विवेकानंद, कमला नेहरू, वीर सावरकर, मदन महल, रानी दुर्गावती और दादा वीरेंद्रपुरी वार्डों में बढ़ती समस्याओं के प्रति नगर निगम की उदासीनता के खिलाफ यह विरोध प्रदर्शन किया गया।
नगर निगम की डोर टू डोर कचरा संग्रहण योजना पर सवाल
नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा और पार्षद तुलसा लखन प्रजापति ने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा डोर टू डोर कचरा संग्रहण का कार्य संभालने के बाद से स्थिति बिगड़ गई है। पर्याप्त संसाधनों और संचालन की उचित व्यवस्था न होने के कारण कचरे के ढेर जगह-जगह लग गए हैं, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी हो रही है।
जल निकासी और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं
भारी बारिश के दौरान शहर के गली-मोहल्लों और मुख्य मार्गों में जलभराव की समस्या भी गंभीर रूप से उठाई गई। कांग्रेस नेताओं ने स्वास्थ्य विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। जल निकासी की व्यवस्था की कमी के कारण कई क्षेत्रों में कीचड़ और स्थायी जलभराव के कारण मच्छरों और मक्खियों का प्रकोप बढ़ गया है।
पेयजल आपूर्ति में खामियां और बीमारियों का खतरा
प्रदर्शनकारियों ने यह भी बताया कि शहर में पेयजल की आपूर्ति मटमैले रूप में हो रही है, जिससे डायरिया, हैजा, डेंगू, चिकनगुनिया, स्वाइन फ्लू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि अगर इस मुद्दे पर जल्द ही ध्यान नहीं दिया गया तो शहर में गंभीर बीमारियों का प्रकोप हो सकता है।
सड़कों की खराब स्थिति पर चिंता
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर की सड़कों की खराब स्थिति पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सीमेंट और डामर से बनी सड़कों की गुणवत्ता इतनी खराब है कि वे आधी बारिश के मौसम में ही उखड़ गई हैं, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
समस्याओं के समाधान की मांग
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोन क्रमांक 2 के संभागीय अधिकारी, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक और उपयंत्री की उपस्थिति में घेराव कर समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समस्याओं का समाधान जल्द नहीं किया गया तो यह प्रदर्शन शहर के सभी 16 जोनों में क्रमशः किया जाएगा।
इस प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, उपनेता प्रतिपक्ष शगुफ्ता उस्मानी गुड्डू नबी, पार्षद तुलसा लखन प्रजापति, अनुपम जैन, पूर्व पार्षद संजय राठौर, पश्चिम विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष सचिन बाजपेई, सलिल चैकसे, मोहित प्यासी, बलराज सिंग, राम सोंधिया, संदीप वंशकार, शुभम साहू, भेैरव बड़गैंया, शुभम विश्वकर्मा, फहीम खान, सुलभ शुक्ला, हरीश नामदेव, लखन दुबे, मोनू तिवारी, सुल्तान चक्रवर्ती, अर्जुन चक्रवर्ती, रवि गुप्ता, शैंकी ठाकुर, निखिल रैकवार, नागेश चक्रवर्ती, शुभम अवस्थी, छोटू ठाकुर, बंटी राजपूत, शुभम ठाकुर, साहिल ठाकुर, छोटू चतुर्वेदी, राज साहू, नीलेश सेन, राजा ठाकुर, सुमित ठाकुर, अमन झारिया, रवि शर्मा, मुन्ना सेन, नन्हे पटेल, रवि यादव, मेवा लाल पटेल, धर्मेन्द्र पटेल, शेखर रजक, अंशुल श्रीवास्तव, वीरू सेन, राजा पटेल, राहुल ठाकुर, जगदीश विश्वकर्मा, संतोष विश्वकर्मा, अमित अग्निहोत्री, आदर्श नेमा, निखिल रजक आदि उपस्थित रहे।
