दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गढ़ा बजरिया क्षेत्र में एक निजी स्कूल की दो नाबालिग छात्राओं के बीच मामूली विवाद मारपीट में बदल गया। बताया जा रहा है कि दोनों छात्राएं नौवीं कक्षा में पढ़ती हैं और उनके बीच करीब 10 दिन पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
स्कूल से बाहर आने के बाद, एक छात्रा जो स्पोर्ट्स यूनिफॉर्म में थी, ने दूसरी छात्रा जो स्कूल यूनिफॉर्म में थी, के साथ मारपीट शुरू कर दी। हालांकि इस मामले में दोनों पक्षों ने पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं की।
पुलिस द्वारा वीडियो की जांच के बाद पता चला कि दोनों छात्राएं गढ़ा क्षेत्र की ही निवासी हैं। पुलिस ने दोनों परिवारों से संपर्क किया, लेकिन परिवारों ने शिकायत दर्ज कराने से इंकार कर दिया। गढ़ा थाना प्रभारी निलेश दोहरे ने बताया कि पुलिस ने दोनों बच्चियों को समझाइश दी है, हालांकि विवाद का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
