Jabalpur News: पानी की समस्या को लेकर पार्षद कलीम खान ने की भूख हड़ताल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संजय गांधी वार्ड के पार्षद कलीम खान ने अपने वार्ड में पानी की किल्लत को लेकर आज भूख हड़ताल शुरू कर दी है। पार्षद कलीम खान का कहना है कि उन्होंने नगर निगम सदन में कई बार इस समस्या को उठाया, लेकिन सत्ता पक्ष ने उनकी बातों पर ध्यान नहीं दिया। वार्ड के लोग, इस भरी बरसात के मौसम में भी पीने के पानी की कमी से जूझ रहे हैं, जिसे देखते हुए पार्षद ने वार्ड के निवासियों के साथ भूख हड़ताल पर बैठने का निर्णय लिया।

कलीम खान ने बताया कि वार्ड में पानी की टंकी बन चुकी है, लेकिन उसमें पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं भरा जा रहा है। इस वजह से वार्ड के लोगों को पानी की कमी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि टंकी वार्ड के पास ही स्थित है।

इस आंदोलन को नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा का भी समर्थन प्राप्त हुआ है। मिश्रा ने कहा कि सदन में पानी की किल्लत का मुद्दा बार-बार उठाया गया था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। पार्षद कलीम खान ने यह भी कहा कि वे शुगर के मरीज हैं, और आज उनकी शुगर 400 के पार पहुंच गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी स्थिति बिगड़ती है, तो इसके लिए नगर निगम प्रशासन और महापौर जिम्मेदार होंगे।

इस आंदोलन को कांग्रेस नेता गुड्डू नवी, पार्षद संतोष दुबे और क्षेत्र के अन्य निवासियों का भी समर्थन मिल रहा है। सभी ने पार्षद कलीम खान के साथ भूख हड़ताल में हिस्सा लिया और उनकी मांगों का समर्थन किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post