Jabalpur News: महापौर कप महाकौशल खेल रत्न अलंकरण का भव्य आयोजन

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। महाकौशल क्रीड़ा परिषद् द्वारा स्व. मेजर ध्यानचंद जी के जन्मदिन और राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त 2024 को जबलपुर के मानस भवन में महापौर कप महाकौशल खेल रत्न अलंकरण समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन रजत जयंती वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है।

इस विशेष अवसर पर बॉडी बिल्डिंग के दो बार मिस्टर वर्ल्ड का खिताब जीतने वाले अनुज कुमार, भारतीय हॉकी के स्वर्णिम युग के नायक पद्मश्री अजीत पाल सिंह, मशहूर क्रिकेट कमेंटेटर पद्मश्री सुशील दोषी, और अंतर्राष्ट्रीय हॉकी एम्पायर एसोसियेशन के चेयरमेन कुक्कू वालिया जैसे खेल जगत के सितारे उपस्थित रहेंगे।

इस वर्ष महाकौशल क्षेत्र के 14 जिलों के 32 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को महाकौशल खेल रत्न से सम्मानित किया जाएगा, जबकि 2 खिलाड़ियों को खेल शिरोमणि से नवाजा जाएगा। इसके अलावा खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 5 संस्थाओं को भी सम्मानित किया जाएगा। रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में, सभी खेल रत्नों को ₹5,100 की राशि और खेल शिरोमणि को ₹11,000 की राशि प्रदान की जाएगी।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में महाकौशल क्रीड़ा परिषद् के संरक्षक और पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान है। परिषद् के अध्यक्ष एडवोकेट अशोक गुप्ता ने बताया कि इस कार्यक्रम को सफल बनाने में संरक्षक विवेक कृष्ण तन्खा, जगत बहादुर सिंह अन्नू, सौरभ नाटी शर्मा, संस्थापक डॉ. प्रशांत मिश्रा, संयोजक रवि पटेल, राकेश तिवारी, और अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post