Jabalpur News: कुख्यात सटोरिये बल्लू के अड्डे पर छापा, एक सटोरिया गिरफ्तार, आरोपी की तलाश जारी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह (भा.पु.से.) के आदेश के बाद जिले में संगठित जुआ और सट्टा के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत, क्राईम ब्रांच और गढ़ा थाना की संयुक्त टीम ने कुख्यात सटोरिये बलराम उर्फ बल्लू केवट के सट्टे के अड्डे पर बड़ी कार्रवाई की।

मुखबिर की सूचना पर, क्राईम ब्रांच और गढ़ा पुलिस की टीम ने गंगासागर तालाब के पास स्थित सट्टा अड्डे पर छापा मारा। इस दौरान, दो व्यक्ति सट्टा पट्टी लिखते हुए पाए गए। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर एक सटोरिये दिनेश विश्वकर्मा उर्फ दिन्नू (35) को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। उसके पास से नगद 11,250 रुपये और सट्टा पट्टी जब्त की गई। पूछताछ में दिनेश ने बताया कि वह बलराम केवट उर्फ बल्लू के कहने पर सट्टा लिख रहा था।

दूसरा सटोरिया, बलराम उर्फ बल्लू केवट, पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा। बलराम केवट गढ़ा क्षेत्र का कुख्यात सटोरिया है, जिसके खिलाफ सट्टा और मारपीट के दो दर्जन से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

पकड़े गए सटोरिये दिनेश विश्वकर्मा और फरार आरोपी बलराम केवट के खिलाफ धारा 4(क) सट्टा एक्ट और 49 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में यह कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post