MP News: वार्ड उपचुनाव की तैयारी, फिर सुर्खियों में अक्षय बम नामवापसी केस, कांग्रेस और भाजपा ने किए नामांकन दाखिल

दैनिक सांध्य बन्धु इंदौर। वार्ड क्रमांक 83 के उपचुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने-अपने प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल कर दिए हैं। कांग्रेस ने इस बार अपनी रणनीति में बदलाव करते हुए डमी प्रत्याशी को निर्दलीय के रूप में मैदान में बनाए रखने का प्लान तैयार किया है।

कांग्रेस की नई रणनीति

कांग्रेस ने अपने अधिकृत प्रत्याशी विकास जोशी के साथ संजय पप्पू मालवीय को डमी प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करवाया है। इस बार कांग्रेस ने मालवीय के नामांकन फॉर्म के साथ एक नहीं, बल्कि 10 समर्थकों का पत्र भी लगाया है, ताकि अगर किसी भी कारण से नामांकन खारिज होता है, तो मालवीय निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ सकें।


अक्षय बम केस की पुनरावृत्ति से बचने की कोशिश

लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के प्रत्याशी अक्षय कांति बम के नाम वापसी के बाद हुई गलती से सबक लेते हुए, कांग्रेस इस बार पूरी सतर्कता बरत रही है। उस समय, डमी प्रत्याशी मोती सिंह पटेल का नामांकन फॉर्म खारिज हो गया था और कांग्रेस पूरी तरह से चुनाव से बाहर हो गई थी।

बीजेपी का प्रत्याशी

भाजपा ने इस उपचुनाव के लिए जितेंद्र राठौर को प्रत्याशी बनाया है। राठौर विधायक मालिनी गौड़ के समर्थक हैं और उनका मुकाबला कांग्रेस के विकास जोशी से होगा। 

11 सितंबर को होने वाले इस चुनाव में दोनों पार्टियों के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post