दैनिक सांध्य बन्धु बलिया (उप्र)। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव और विधायक डॉ. भोला पांडेय का शुक्रवार को निधन हो गया। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक ने बताया कि 71 वर्षीय डॉ. पांडेय लम्बे समय से बीमार चल रहे थे और उनका लखनऊ स्थित आवास पर निधन हो गया।
डॉ. पांडेय का जन्म 25 अक्टूबर 1953 को बलिया जिले के बैरिया क्षेत्र के मून छपरा गांव में हुआ था। वह 1980 से 1985 तक और फिर 1989 से 1991 तक द्वाबा (अब बैरिया) विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक रहे। गांधी परिवार के बेहद करीबी माने जाने वाले डॉ. पांडेय ने कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव के रूप में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश सहित कई राज्यों के प्रभारी के रूप में सेवाएं दीं। वह सलेमपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर कई बार सांसद चुनाव भी लड़े, हालांकि उन्हें सफलता नहीं मिल सकी।
डॉ. पांडेय 1978 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में इंडियन एयरलाइंस के विमान का हाइजैक कर राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आए थे। उनके निधन पर विभिन्न स्थानों पर शोक सभाएं आयोजित की गईं और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। डॉ. पांडेय के परिवार में चार पुत्र और दो पुत्रियां हैं।
