MP News: आर्मी मेजर और ट्रैफिक पुलिस के बीच विवाद, मारपीट के बाद पुलिस ने मेजर को हिरासत में लिया

दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। गुरुवार शाम को आर्मी के एक मेजर और ट्रैफिक पुलिसकर्मी के बीच मारपीट का मामला सामने आया। यह घटना उस समय हुई जब मेजर आशीष चौहान अपनी पत्नी, बहन और दोस्त के साथ कार से जा रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी को एक इनोवा कार ने टक्कर मार दी। मेजर ने उस कार का पीछा किया, लेकिन जब उन्होंने ट्रैफिक पुलिस से मदद मांगी, तो विवाद हो गया और मेजर ने ट्रैफिक जवान की पिटाई कर दी।

हंगामा बढ़ने पर क्राइम ब्रांच पुलिस मौके पर पहुंची और मेजर को हिरासत में लेकर गोला का मंदिर थाने ले गई। मेजर की पत्नी मीनाक्षी चौहान ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके पति के साथ जबरदस्ती की और उन्हें जानकारी नहीं दी कि उन्हें कहां ले जाया जा रहा है।

इस घटना के बाद आर्मी के जवान और पूर्व सैनिकों ने ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के बंगले पर प्रदर्शन किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। मंत्री ने घटना की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। 

दूसरी ओर, ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि मेजर ने बिना किसी कारण के पुलिसकर्मियों पर हमला किया और उनकी वर्दी भी फाड़ दी। इस मामले में अभी तक कोई निष्कर्ष नहीं निकला है और जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post