MP News: एनएसयूआई ने माखनलाल विश्वविद्यालय के कुलगुरु पर भाजपा नेता और एबीवीपी को संरक्षण देने का लगाया आरोप

दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय में शुक्रवार को एनएसयूआई ने कुलगुरु के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उन पर भाजपा नेताओं और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) को संरक्षण देने का आरोप लगाया। एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर और जिला महासचिव अमन पठान के नेतृत्व में छात्रों ने कुलगुरु कार्यालय के बाहर करीब दो घंटे तक नारेबाजी की और डेरा डाले रखा। 

एनएसयूआई ने विश्वविद्यालय में एबीवीपी द्वारा आयोजित किए जा रहे "आगाज" सांस्कृतिक कार्यक्रम को गुंडागर्दी का मुखौटा बताते हुए इसका विरोध किया। जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर ने कहा कि यदि कुलगुरु इस कार्यक्रम को निरस्त नहीं करते, तो एनएसयूआई उग्र प्रदर्शन करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि एबीवीपी इस कार्यक्रम के जरिए बाहरी कार्यकर्ताओं को बुलाकर छात्रों और विशेषकर छात्राओं को परेशान कर रही है।

एनएसयूआई ने चेतावनी दी कि अगर इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन व्यापक आंदोलन करेगा। इस दौरान एनएसयूआई के महासचिव अमन पठान, विकास ठाकुर, देव अवस्थी और अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post