Jabalpur News: हॉस्टल से गायब हुई छात्रा, सुसाइड नोट मिलने से मचा हड़कंप

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। आज सुबह पशु चिकित्सा विज्ञान एवं पशुपालन महाविद्यालय में उस समय हड़कंप मच गया जब प्रथम वर्ष की एक छात्रा रीना अपने हॉस्टल रूम से अचानक गायब हो गई। छात्रा के रूम से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने आत्महत्या करने की बात कही है।

घटना तब सामने आई जब सुबह हॉस्टल की अन्य छात्राओं ने देखा कि रीना का रूम नहीं खुल रहा है। वार्डन को सूचना देने के बाद रूम खुलवाया गया, लेकिन अंदर रीना नहीं थी। यह देख तुरंत ही पूरे हॉस्टल में उसकी तलाश शुरू कर दी गई, लेकिन वह कहीं नहीं मिली। 

छात्रा के गायब होने की खबर मिलते ही महाविद्यालय के अन्य छात्र भी बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए। वार्डन ने इस घटना की जानकारी डीन को दी, जिसके बाद सिविल पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हॉस्टल का निरीक्षण किया और रूम से मिले सुसाइड नोट की जांच की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच शुरू कर दी है।

हॉस्टल गेट पर तैनात गार्ड से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उसने रीना को गेट से निकलते हुए नहीं देखा। पुलिस ने कमरे की जांच के दौरान पाया कि रीना अपने साथ अपना लैपटॉप, कुछ रुपये और अन्य सामान लेकर गई है, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा है। 

इस बीच, डीन ने सभी प्रोफेसर और सुरक्षा गार्ड्स के साथ एक बैठक बुलाई है, जिसमें घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post