दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। अधारताल क्षेत्र में लगातार आतंक मचाने वाले शातिर अपराधी विवेक पाण्डे उर्फ 'चूहा' को पुलिस ने आखिरकार राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एन.एस.ए.) के तहत जेल भेज दिया। अधारताल थाना प्रभारी राजकुमार खटीक ने बताया कि विवेक 'चूहा' वर्ष 2018 से क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था। उसके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, आर्म्स एक्ट, अवैध वसूली और मारपीट के कई मामले दर्ज थे।
चूहा पर पहले भी कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी, लेकिन उसकी आपराधिक गतिविधियों में कोई सुधार नहीं हुआ। उसकी आदतों को देखते हुए पुलिस को आशंका थी कि वह किसी भी समय किसी के जीवन के लिए खतरा बन सकता है।
इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह ने विवेक 'चूहा' के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम 1980 की धारा 3, सहपठित धारा 2 के तहत कार्रवाई करने के लिए जिला दण्डाधिकारी दीपक सक्सेना को प्रतिवेदन भेजा था। जिला दण्डाधिकारी ने मामले की गंभीरता को समझते हुए पुलिस को निर्देशित किया कि चूहा को गिरफ्तार कर एन.एस.ए. के तहत जेल भेजा जाए।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विवेक 'चूहा' पाण्डे को गिरफ्तार कर केन्द्रीय जेल जबलपुर में निरूद्ध कर दिया।
